विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विधवा और दिव्यांग पेंशन हुई दोगुनी, अब हर महीने मिलेंगे 2000; चंडीगढ़ श्रम कल्याण बोर्ड का बड़ा फैसला

Published: Thu, 29 Oct 2026 06:49 PM (IST)

चंडीगढ़ श्रम कल्याण बोर्ड ने कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं में संशोधन को मंजूरी दी है।

विधवा और दिव्यांग पेंशन दोगुनी, अब मिलेंगे 2000 रुपये प्रतिमाह।

विधवा और दिव्यांग पेंशन दोगुनी, अब मिलेंगे 2000 रुपये प्रतिमाह।

HighLights

  1. विधवा और दिव्यांग पेंशन ₹1000 से ₹2000 प्रतिमाह हुई

  2. महिला कर्मचारियों को ₹21,000 मातृत्व लाभ और ₹10,000 FD

  3. डिजिटल शिक्षा के लिए ₹25,000 की आर्थिक सहायता मिलेगी

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ श्रम कल्याण बोर्ड ने कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत देते हुए कई कल्याणकारी योजनाओं में संशोधन को मंजूरी दी है। इसके तहत विधवा और दिव्यांग पेंशन को 1000 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया है।

वहीं, महिला कर्मचारियों को मातृत्व लाभ के रूप में 21 हजार रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी। नवजात शिशु के नाम पर 10 हजार रुपये की सावधि जमा (एफडी) भी कराई जाएगी।

श्रम कल्याण बोर्ड की नौवीं बैठक श्रम सचिव-सह-बोर्ड की अध्यक्ष अनुराधा एस. चागती की अध्यक्षता में हुई। बैठक में श्रम आयुक्त-सह-कल्याण आयुक्त निशांत कुमार यादव और सहायक श्रम आयुक्त-सह-बोर्ड के सचिव आकाश मित्तल भी उपस्थित रहे। बैठक में महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सुरक्षा और शिक्षा को बढ़ावा देने से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

महिला कर्मचारियों को विवाह में भी सहायता

बोर्ड ने कन्यादान योजना का दायरा बढ़ाने का फैसला किया है। इसके तहत अब अविवाहित महिला कर्मचारी अपने विवाह के लिए भी वित्तीय सहायता प्राप्त करने की पात्र होंगी। इससे महिला कर्मचारियों को सीधे लाभ पहुंचाने का रास्ता खुलेगा।

मातृत्व लाभ योजना के तहत 21 हजार रुपये की सहायता वेतन क्षतिपूर्ति और पोषण संबंधी जरूरतों के लिए दी जाएगी। इसके अतिरिक्त नवजात शिशु के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से उसके नाम पर 10 हजार रुपये की एफडी का प्रावधान किया गया है।

पढ़ाई और डिजिटल शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

बोर्ड ने छात्रवृत्ति योजना का विस्तार करते हुए स्व-अध्ययन के माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर रहे कार्यरत कर्मचारियों को भी इसके दायरे में शामिल करने की मंजूरी दी है। इसके अलावा डिजिटल शिक्षा योजना शुरू की जाएगी।

इसके तहत पात्र लाभार्थियों को लैपटॉप या निर्धारित डिजिटल शिक्षण उपकरण खरीदने के लिए 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। यह लाभ निर्धारित शर्तों के अनुसार जीवनकाल में एक बार दिया जाएगा।

बोर्ड के अनुसार, स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित दिशा-निर्देशों और पात्रता मानदंडों के तहत लागू किया जाएगा। इन फैसलों का उद्देश्य कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ शिक्षा, डिजिटल सुविधाओं और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।