क्यों चर्चा में आई 'जिगाना' पिस्टल और क्या है कीमत? सिद्धू मूसेवाला, अतीक अहमद और चंडीगढ़ कैशियर हत्याकांड से कनेक्शन
चंडीगढ़ के जानकी दास हत्याकांड में पुलिस ने राजौरी के तीन शूटरों की पहचान की है। इस वारदात में 'जिगाना पिस्टल' के इस्तेमाल का शक है।

चंडीगढ़ कैशियर हत्याकांड में इस्तेमाल हुई 'जिगाना' पिस्टल (जागरण फोटो)
HighLights
चंडीगढ़ मर्डर में राजौरी के तीन शूटरों की पहचान हुई
जानकी दास हत्याकांड में जिगाना पिस्टल के इस्तेमाल का शक
जिगाना पिस्टल मूसेवाला, अतीक अहमद हत्याओं में भी प्रयुक्त
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। सेक्टर-11 में श्री कुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर जानकी दास की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले तीनों शूटरों की पहचान कर ली है, जो जम्मू के राजौरी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही तीनों आरोपी अपने घरों से फरार हो चुके हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि एक शूटर की गर्लफ्रेंड चंडीगढ़ में ही रहती है। पुलिस के लिए सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह है कि चंडीगढ़ में किसी जघन्य अपराध के पीछे पहली बार कोई 'जम्मू कनेक्शन' सामने आया है।
मूसेवाला हत्याकांड वाली पिस्टल के इस्तेमाल का शक
जानकारी के अनुसार, इस सनसनीखेज हत्याकांड में 'जिगाना पिस्टल' का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। यह वही घातक हथियार है, जिससे पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की गई थी।
वहीं, उत्तर प्रदेश के गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद और महाराष्ट्र के NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्याओं भी इसी जिगाना (Zigana) पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था।
2022 में हुई थी सिंगर की हत्या
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या 29 मई 2022 को मानसा जिले के जवाहरके गांव में हुई थी। इस वारदात में भी तुर्की में बनी अत्यधिक घातक जिगाना (Zigana) पिस्टल और ए.के.-47 (AK-47) जैसे आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया गया था।
बाबा सिद्दीकी का मर्डर
12 अक्टूबर 2024 की रात महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या मुंबई के बांद्रा इलाके में उनके बेटे और विधायक जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। हत्या में जिगाना पिस्टल का ही इस्तेमाल किया गया था। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटरों ने की थी।
अतीक अहमद की हत्या: 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय शूटर्स ने इसी पिस्टल से अतीक अहमद की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी थी।
क्या है जिगाना पिस्टल की खासियतें?
- इस पिस्टल से लगातार तीन से चार राउंड ही फायर किए जा सकते हैं। देशी मेड पिस्टल कई बार घोखा भी दे जाती है। गोली बैरल में फंस जाती है। लेकिन इसमें ऐसा नहीं होता
- जिगाना पिस्टल से लगातार दर्जनों फायर किए जा सकते हैं। यह झटका नहीं लेती है जिससे इसका निशाना अचूक होता है। इसलिए गैंगस्टर इस पिस्टल का इस्तेमाल ज्यादा करते हैं।
- जिगाना वजन में हल्की होती है, इनमें मॉडिफाइड ब्राउनिंग-टाइप लॉकिंग सिस्टम होता है।
- ट्रिगर यूनिट डबल-एक्शन टाइप होती है। इसमें एक्सपोज्ड हैमर और स्लाइड-माउंटेड सेफ्टी होती है साथ ही आटोमेटिक फायरिंग पिन ब्लाक और थ्री-डाट फिक्स्ड साइट होता है। इसमें डबल-स्टैक मैगजीन रखी जा सकती है। स्टैंडर्ड की क्षमता 15 राउंड और एक्सटेंडेड की क्षमता 17 राउंड होती है। इसकी गोली कभी फंसती नहीं है।
- तुर्किये की बनी जिगाना की कीमत चार से पांच लाख है। तस्कर गैंगस्टरों से अपने संबंध के अनुसार पैसे लेते हैं।
यह भी पढ़ें- गैंगस्टरों का नेटवर्क ध्वस्त करेगी चंडीगढ़ पुलिस, स्पेशल स्क्वाड बनेगा; कारोबारियों को धमकी के बाद फैसला
