Haryana, Punjab & Chandigarh Weather: 24 घंटे में हाेगा मौसम में बदलाव, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
Haryana Punjab Chandigarh Weather पिछले दो दिनों से उमस से जनजीवन अस्त व्यस्त है। हर कोई बारिश का इंतजार कर रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। बीते पांच दिनों से गर्मी की मार झेल रहे पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ के लोगों को 24 घंटे के अंदर राहत मिलेगी। चंडीगढ़ मौसम विभाग ने इसके लिए अलर्ट भी जारी कर दिया है। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बुधवार हल्की बारिश होगी और 30 जून को चंडीगढ़ सहित पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में तेज बारिश होगी। इसके अलावा 30 जून से 01 जुलाई के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं।
विभाग की ओर से जारी मीडिया बुलेटिन में बताया गया है बुधवार रात से पश्चिमी विक्षोभ का असर चंडीगढ़ पर देखने को मिलेगा और अगले सात दिनों तक तेज बारिश होगी। इस दौरान चंडीगढ़ तापमान में करीब 6 डिग्री की गिरावट होगी।
6 जून तक शहर में तेज बारिश
विभाग के अनुसार चंडीगढ़ में 6 जून तक तेज बारिश होगी। हालांकि 30 जून काे चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में मानसूनी बारिश होगी, लेकिन 1 जून से भारी बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही चंडीगढ़ में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेगी।
रात के तापमान में हुई गिरावट
बीते दो दिनों से बादल छाए रहने की वजह से जहां दिन में चिपचिपाती उमस से लोग बेहाल हो रहे हैं, वहीं रात का तापमान सामान्य से एक डिग्री कम रिकार्ड किया गया। विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में रात के तापमान में भी और भी गिरावट आएगी।
पिछले पांच साल में इस दिन चंडीगढ़ में आया था मानसून
मौसम विभाग के आंकड़ाें के अनुसार बीते पांच साल में केवल दो बार ही मानसून ने जून में चंडीगढ़ में दस्तक दी है। आंकड़ों की मानें तो साल 2021 में चंडगीढ़ में मानसून 13 जून को पहुंचा था। साल 2020 में 24, 25 को हल्की बारिश हुई थी और 26 जून चंडीगढ़ में पूरी तरह से मानसून ने दस्तक दे दी थी। साल 2019 में मानसून पांच जुलाई, साल 2018 में 28 जून और साल 2017 में मानसून ने 12 जुलाई को शहर में दस्तक दी थी।