ट्राईसिटी में दोपहर में भी दो घंटे के लिए शुरू होगी पानी की सप्लाई Chandigarh News
नगर निगम ने शहर में दोपहर को दो घंटे की पानी की सप्लाई शुरू करने की योजना बना रहा है। जल्द ही ट्रायल बेस पर यह पानी की सप्लाई शुरू की जाएगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। नगर निगम ने शहर में दोपहर को दो घंटे की पानी की सप्लाई शुरू करने की योजना बना रहा है। जल्द ही ट्रायल बेस पर यह पानी की सप्लाई शुरू की जाएगी। 30 अक्तूबर को हुई सदन की बैठक में पार्षदों ने दोपहर की सप्लाई शुरू करने के लिए कहा था, जिस पर कार्यवाहक चीफ इंजीनियर शेलेंद्र सिंह ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सभी कार्यकारी अभियंता और एसडीओ स्तर के अधिकारियों से राय पूछी गई। अधिकारियों ने कहा कि दोपहर की सप्लाई शुरू होने से मरम्मत के काम के लिए समय नहीं बचेगा।
मालूम हो कि साल 2013 तक दोपहर को दो घंटे के लिए पानी आता था। बैठक में चीफ इंजीनियर ने अधिकारियों को टेक्निकल तौर पर इसे स्टडी करने के लिए कहा है। अधिकारियों के अनुसार पहले पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चलाया जाएगा अगर सफल रहा तो फिर पानी की सप्लाई दोपहर को स्थायी तौर पर चला दी जाएगी।कजौली वाटर वर्क्स के पांचवें और छठे फेज से 29 एमजीडी अतिरिक्त पानी की सप्लाई आने के बाद नगर निगम ने सुबह और शाम एक एक घंटा पानी की सप्लाई बढ़ा दी थी, लेकिन वाटर सप्लाई कमेटी के चेयरमैन अरुण सूद का कहना है कि इस सप्लाई का शहरवासियों को कोई फायदा नहीं मिला रहा है ऐसे में दोपहर को दो घंटे की सप्लाई शुरू होनी चाहिए।
कई साल पहले इसलिए ही यह सप्लाई बंद की गई थी क्योंकि नगर निगम के पास अतिरिक्त पानी की सप्लाई नहीं थी। अगर उस समय दोपहर की सप्लाई मिल सकती थी तो अब भी मिल सकती है। नए फेज से पानी आने के बाद शहर से पानी की किल्लत दूर हो गई है। अब पानी की कमी नहीं है। कार्यवाहक चीफ इंजीनियर शेलेंद्र सिंह का कहना है कि दोपहर को पानी की सप्लाई शुरू करने के मामले को स्टडी किया जा रहा है।