सुखना लेक का जलस्तर पहुंचा 1160 फीट
एक साल सूखे की मार झेलने के बाद सुखना लेक का अब स्वर्णिम काल चल रहा है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : एक साल सूखे की मार झेलने के बाद सुखना लेक का अब स्वर्णिम काल चल रहा है। दो सालों से हो रही अच्छी बरसात की वजह से सुखना लेक का जलस्तर बेहतर स्थिति में है। एक महीने की बरसात के बाद सुखना का जलस्तर 5 फीट तक बढ़ चुका है। इन दिनों सुखना का जलस्तर 1160 फीट तक पहुंच गया है। जबकि गर्मियों में यह गिरकर 1154 तक आ गया था। मौसम विभाग 20 सितंबर तक बरसात की संभावना जता रहा है। बीच में कई अच्छी बरसात होंगी। सोमवार को फिर से बरसात होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में सुखना का जलस्तर 1162 फीट से ऊपर जाने की बात कही जा रही है। 1162 फीट को सुखना के लिए काफी अच्छा माना जाता है। फिलहाल जितना जलस्तर है अगर आगे कम बरसात भी होती है तो भी सुखना आने वाले 4 साल तक नहीं सूखेगी। खुद अधिकारी इस बात का दावा कर रहे हैं। हर साल इतनी बरसात होती रही, तो सुखना लेक के लिए अलग से पानी की वैकल्पिक व्यवस्था की जरूरत भी नहीं रहेगी। इन दिनों सुखना सिर्फ बरसात के पानी पर ही निर्भर है। सुखना कैचमेंट एरिया में बरसात होने के बाद पानी लेक में पहुंचता है। सभी तरह के सीवरेज और नाले जो पहले लेक में गिरते थे उन्हें बंद कर दिया गया है। हरियाणा की तरफ से गिरने वाला सीवरेज भी बंद हो चुका है। हरियाणा सरकार ने हाईकोर्ट में यह जानकारी दी थी। ऐसे में अब सुखना में केवल बरसात का पानी ही पहुंचता है। यह इसी पर पूरी तरह से निर्भर है।