महिला मरीज से छेड़छाड़ करने वाला वार्ड सर्वेट सस्पेंड
मनीमाजरा सिविल अस्पताल में महिला मरीज से छेड़छाड़ मामले में आरोपित वार्ड सर्वेट को शुक्रवार को सस्पेंड कर दिया गया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : मनीमाजरा सिविल अस्पताल में महिला मरीज से छेड़छाड़ मामले में आरोपित वार्ड सर्वेट को शुक्रवार को सस्पेंड कर दिया गया। तीन सदस्यीय डाक्टरों की कमेटी ने प्राथमिक जांच में पाया कि आरोपित वार्ड सर्वेट ने महिला मरीज के साथ छेड़छाड़ की है और महिला मरीज का ईसीजी करते समय आरोपित वार्ड सर्वेट ने ईसीजी प्रोटोकाल भी फालो नहीं किया। महिला मरीज के आरोपों और घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों के बयान के आधार पर कमेटी ने आरोपित वार्ड सर्वेट को दोषी पाया। कमेटी द्वारा वार्ड सर्वेट को दोषी पाए जाने के बाद जीएमएसएच-16 के मेडिकल सुपरिटेंडेंट की ओर से आरोपित वार्ड सर्वेट को नौकरी से सस्पेंड कर आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट पुलिस को भेज दी है। साथ ही पुलिस को केस दर्ज करने की सिफारिश की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, जांच के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 23 मई का है मामला
बीते 23 मई को शिकायतकर्ता महिला मनीमाजरा के सिविल अस्पताल में इलाज कराने के लिए पहुंची थी। जांच के बाद डाक्टर ने महिला को ईसीजी कराने के लिए कहा। जब महिला ईसीजी कराने के लिए वार्ड में गई तो वहां ड्यूटी पर मौजूद आरोपित वार्ड सर्वेट ने महिला के साथ शारीरिक छेड़छाड़ और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया। इस पर महिला ने मदद के लिए गुहार लगाई और वहां मौजूद डाक्टरों और स्टाफ की मौजूदगी में आरोपित वार्ड सर्वेट द्वारा छेड़छाड़ के मामले को अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष उठाया। मामले की जांच के लिए स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग ने अस्पताल के तीन वरिष्ठ डाक्टरों के नेतृत्व में जांच कमेटी बनाई थी। मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने केस दर्ज करने को दी शिकायत
जीएमएसएच-16 के मेडिकल सुपरिटेंडेंट के आदेश पर आरोपित वार्ड सर्वेट के खिलाफ महिला मरीज से शारीरिक छेड़छाड़, अश्लील शब्दों का प्रयोग करने और ड्यूटी के दौरान मेडिकल प्रोटोकाल का पालन न करने पर केस दर्ज करने के लिए मनीमाजरा थाना पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।