केएलएफ को हथियार सप्लाई करने वाला वांटेड चार दिन के रिमांड पर
आशीष सिंह को मोहाली सीआइए स्टाफ यूपी से ट्रांजिट रिमांड पर मोहाली लेकर आया है।
जागरण संवाददाता, मोहाली : खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) के लिए हथियार सप्लाई करने वाले आरोपित आशीष सिंह को मोहाली सीआइए स्टाफ यूपी से ट्रांजिट रिमांड पर मोहाली लेकर आया है। आरोपित आशीष सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। बीती 27 जनवरी को जब खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के मुखी हरमीत सिंह पीएचडी का पाकिस्तान में कत्ल हुआ तब पंजाब पुलिस ने मोगा से सुखप्रीत नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। सुखप्रीत सिंह ने ही पूछताछ के दौरान आशीष सिंह की सीआइए को जानकारी दी थी। आशीष सिंह को उत्तरप्रदेश एंटी टेरेरिज्म स्क्वॉयड (यूपीएटीएस) टीम ने उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के सिविल लाइंस क्षेत्र में जादूगर रोड पर टीकरी नाम के स्थान से काबू किया था। आशीष सिंह का पंजाब में हुए कई कत्ल के मामलों में संबंध बताया जा रहा है। हिदू नेताओं की हत्या के मामलों में रहा शामिल
आरोपित आशीष सिंह अकसर फोन पर पाकिस्तान के कुछ व्यक्तियों के साथ बात करता रहा है। पंजाब पुलिस ने ही आशीष सिंह की जानकारी यूपी एटीएस के साथ साझा की थी। आशीष सिंह खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के मुखी गुगनी ग्रेवाल उर्फ हरमीत सिंह का दायां हाथ बताया जा रहा है। आशीष सिंह पर आरएसएस व शिवसेना नेताओं के कत्ल के आरोप हैं। केएलएफ के मुखी को सप्लाई किए 10 पिस्तौल
आशीष सिंह पटियाला जेल में भी रह चुका है। वहीं उसका संपर्क खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के मुखी से हुआ था। उसने इस जत्थेबंदी के मुखी को 10 पिस्तौल सप्लाई किए हैं। आशीष सिंह पर कातिलाना हमले, खतरनाक हथियारों से दंगा भड़काने, आपराधिक साजिश रचने और 2018 में पंजाब कुछ कुख्यात आरोपितों को पनाह देने के आरोप हैं।