गर्मी के चलते चंडीगढ़-दिल्ली रूट पर वॉल्वो बसों की डिमांड बढ़ी, सुविधा न मिलने से यात्री परेशान
लगातार बढ़ती गर्मी ने वॉल्वो बसों की डिमांड भी बढ़ा दी है। लेकिन जितनी इन बसों की डिमांड है उस हिसाब से बसें नहीं हैं जिस वजह से यात्रियों को खासी परेशानी हो रही है।
चंडीगढ़, [विकास शर्मा]। लगातार बढ़ती गर्मी ने वॉल्वो बसों की डिमांड भी बढ़ा दी है। लेकिन जितनी इन बसों की डिमांड है उस हिसाब से बसें नहीं हैं जिस वजह से यात्रियों को खासी परेशानी हो रही है। आलम यह है कि चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए हर पांच से सात मिनट में सामान्य बस है, वहीं वॉल्वो बसों की सर्विस 30 से 40 मिनट के बाद है, ऐसे में डिमांड ज्यादा होने की वजह से यात्रियों को खासी दिक्कत हो रही है। यात्रियों को एक से दो घंटे टिकट नहीं मिल रही है। हरियाणा में चुनाव के चलते 12 मई को ऑनलाइन टिकट बुकिंग नहीं हुई है। ऐसे में यात्रियों को टिकट काउंटर पर ही टिकट लेना पड़ रहा है।
चंडीगढ़-दिल्ली रूट 52 वॉल्वो बसें देती हैं सेवाएं
चंडीगढ़-दिल्ली रूट पर 52 वॉल्वो बसें चलती हैं। इनमें 35 बसें अकेले हरियाणा रोडवेज की हैं, लेकिन मौजूदा समय में हरियाणा रोडवेज की मात्र 20 वॉल्वो बसें ही चलाई जा रही हैं। 15 बसों के रूट पिछले काफी समय से बंद पड़े हैं। रोडवेज कर्मियों की मानें तो हरियाणा रोडवेज की यह बसें काफी समय से खराब हैं। इस पर विभाग की अनदेखी के कारण यह रूट बंद पड़े हैं। वहीं पंजाब रोडवेज की 14 वॉल्वो बसें इस रूट पर सर्विस देती हैं, लेकिन दिक्कत यह है कि इनमें से ज्यादातर बसें पंजाब के अन्य शहरों से आती हैं और चंडीगढ़ होकर जाती हैं, ऐसे में इन बसों में सीट न के बराबर होती है। यही हालत हिमाचल रोडवेज की तीन वाल्वो बसों की है। ऐसे में सर्विस के लिए यात्रियों की निर्भरता हरियाणा रोडवेज पर रह जाती है।
किराया ज्यादा होने के बावजूद लोगों की पहली पसंद
चंडीगढ़ से दिल्ली रूट पर इस समय तीन तरह की बसें अपनी सेवाएं दे रही हैं। सामान्य बसों में पंजाब रोडवेज, हिमाचल रोडवेज, हरियाणा रोडवेज और सीटीयू प्रमुख हैं। इन बसों का किराया 245 से 260 रुपये के बीच हैं। इसके बाद सेमी डीलक्स बसें आती हैं, यह बसें हिमाचल रोडवेज और सीटीयू की तरफ से चलाई हैं, इनका किराया 325 रुपये के करीब है। वहीं तीसरे नंबर पर वोल्वो बसें चलती हैं जिनका किराया 575 रुपये है। गर्मी में परेशान न होने पड़े, इसके लिए ज्यादातर यात्री वोल्वो बसों की तरजीह देते हैं।
कम समय में पहुंचाना भी है एक वजह
सामान्य बसें चंडीगढ़ से दिल्ली तक छह से साढ़े छह घंटे लेती हैं, वहीं वॉल्वो पांच से साढ़े पाच घंटे लेती हैं। वोल्वो चंडीगढ़ से अपनी सभी सीटें भरकर बस को रवाना करती हैं, जिससे यह बसें रास्ते में कहीं नहीं रुकती हैं। इससे यात्रियों का एक घंटा बच जाता है। एक वजह यह भी है कि लोग वोल्वो बसों को तरजीह देते हैं।
सीटीयू ने चलाई आठ सेमी डीलक्स बसें
चंडीगढ़-दिल्ली रूट पर वोल्वों बसों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए सीटीयू ने अभी आठ सेमी डीलक्स बसें इस रूट पर चलाई हैं। इन बसों का किराया वॉल्वो बसों से काफी कम है। जबकि सामान्य बसों से थोड़ा सा ज्यादा है। ऐसे में इन बसों को यात्री खासा पसंद कर रहे हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप