विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में 'विराट' दस्तक...कल अभ्यास और 3 को वेस्टइंडीज के खिलाफ दिखाएंगे अपने तेवर

By Ravi Atwal Edited By: Sohan Lal
Published: Thu, 01 Oct 2026 08:01 PM (IST)

न्यू चंडीगढ़ का महाराजा यादवेंद्रा सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम 3 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज वनडे मैच खेला जाएगा। विराट कोहली और ...और पढ़ें

चंडीगढ़ पहुंचे भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी। फोटो : संजय घिल्डियाल

चंडीगढ़ पहुंचे भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी। फोटो : संजय घिल्डियाल

HighLights

  1. न्यू चंडीगढ़ में 3 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज वनडे मैच।

  2. देश का 52वां, पंजाब का चौथा अंतरराष्ट्रीय वनडे मैदान।

  3. विराट-रोहित खेलेंगे, पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार होगी।

- तीन अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे
- इससे पहले देश के 51 मैदानों पर हो चुके हैं अंतरराष्ट्रीय वनडे मुकाबले, पंजाब का यह चौथा मैदान होगा

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के मानचित्र पर न्यू चंडीगढ़ एक नया इतिहास दर्ज करने जा रहा है। तीन अक्टूबर को मोहाली के न्यू चंडीगढ़ स्थित महाराजा यादवेंद्रा सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे मैच खेला जाएगा। इसके लिए विराट कोहली और रोहित शर्मा समेत दोनों टीमों के खिलाड़ी चंडीगढ़ पहुंच चुके हैं।

महाराजा यादवेंद्रा सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पुरुष क्रिकेट में अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच की मेजबानी करने वाला यह देश का 52वां मैदान होगा। अब तक देश के 51 मैदानों में वनडे इंटरनेशनल मैच हो चुके हैं। वहीं, वनडे इंटरनेशनल मैचों की मेजबानी करने वाला यह पंजाब का चौथा मैदान होगा।

इससे पहले मोहाली के आईएस बिंद्रा पीसीए स्टेडियम में लंबे समय तक इंटरनेशनल मैच होते रहे हैं जबकि अमृतसर के गांधी ग्राउंड में भी दो और जालंधर के बर्लटन पार्क में तीन वनडे इंटरनेशनल मैच हो चुके हैं।

अमृतसर में आखिरी वनडे मैच 18 नवंबर 1995 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुआ था जबकि जालंधर में 20 फरवरी 1994 को भारत और श्रीलंका के बीच आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच खेला गया।

देश में वनडे क्रिकेट की शुरुआत 25 नवंबर 1981 को हुई थी। इसके बाद अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, मोहाली और अन्य शहरों के मैदानों पर अंतरराष्ट्रीय मुकाबले आयोजित किए गए। अब इस सूची में न्यू चंडीगढ़ का नाम भी जुड़ने जा रहा है।

बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद

वीरवार शाम को भारत और वेस्टइंडीज की टीमें शहर पहुंच गईं। शाम करीब पांच बजे चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दोनों टीमें पहुंची। शुक्रवार को दोनों टीमें अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी। इस मुकाबले के लिए दर्शकों में खासा उत्साह है। वहीं, रोहित शर्मा और विराट कोहली भी आखिरी बार इस स्टेडियम में एक साथ खेलते दिखेंगे। इसलिए भी बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद होगी।

गेंदबाजों के लिए फिर कब्रगाह होगी पिच

सीरीज के पिछले दोनों मुकाबले हाई स्कोरिंग रहे हैं। गुवाहाटी में हुए पिछले मैच में तो 800 से ज्यादा रन बरसे, पांच बल्लेबाजों ने शतक जड़ दिए जबकि भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने तो सबसे तेज दोहरा शतक जड़ दिया। इस मैच में भी पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती है। ऐसे में गेंदबाजों के लिए पिच एक बार फिर कब्रगाह साबित हो सकती है।