वायरल वीडियो मामले में जैन मुनि नयन सागर के खिलाफ चंडीगढ़ में समुदाय के लोगों का प्रदर्शन
जैन मुनि नयन सागर के साथ युवती की वायरल वीडियो मामले में जैन समुदाय के लोगों ने जैन मुनि के खिलाफ चंडीगढ़ में विरोध प्रदर्शन किया।
जेएनएन, चंडीगढ़। जैन मुनि नयन सागर के साथ युवती की वायरल वीडियो की सच्चाई जानने व युवती की तलाश में खतौली, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद व मेरठ से समुदाय के लोग चंडीगढ़ पहुंच चुके हैं। जैन मुनि चंडीगढ़ के सेक्टर 27 स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में चातुर्मास पर हैं। सुबह ही जैन समुदाय के लोग यहां एकत्र हुए और जैन मुनि के खिलाफ जमकर रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
जैन समुदाय के लोगों ने जैन मुनि नयन सागर पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि जैन मुनि को अगर कोई स्त्री स्पर्श भी कर ले तो यह महापाप है। नयन सागर ने महापाप किया है, इसलिए उन्हें यह चोला त्यागकर गृहस्थ आश्रम में चले जाना चाहिए।
दिल्ली से आए जैन समुदाय के लोगों ने कहा कि जैन मुनि नयन सागर को दिल्ली में घुसने नहीं दिया जाएगा। दिल्ली में घुसने नहीं देंगे। उनके खिलाफ कई एफआइआर दर्ज कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि नयन सागर ने कहा था कि वह 48 घंटे में अपना स्पष्टीकरण देंगे, लेकिन अब जबकि कई घंटे बीत चुके हैं उन्होंने अपना स्पष्टीकरण नहीं दिया है।
उधर, युवती के पिता को वीडियो में युवती का जैन मुनि नयन सागर को क्लीन चिट देना गले नहीं उतर रहा। पिता ने कहा कि पहले बेटी को धमकाकर कोर्ट में बयान दिलाया। अब दबाव डालकर उसकी वीडियो बना दी गई है। इसके पीछे कोई बड़ा सिंडिकेट है। पिता ने बताया कि सुबह उनके मोबाइल पर भी बेटी की दो वीडियो क्लिप आई। वीडियो देखकर प्रतीत होता है कि वह कोई पर्चा देखकर पढ़ रही है। उन्हें इस वीडियो पर यकीन नहीं है। सामने आकर बेटी जो बात कहेगी, वह उस पर यकीन करेंगे। सच्चाई का पता लगाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेंगे और पुलिस व समाज की भी मदद मांगेंगे।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें