Cake लेकर घर में बंद मासूम को Birthday विश करने पहुंची UT Police, बच्चा बोला- थैंक्यू पुलिस अंकल
पिता से जब बेटे की हालत नहीं देखी गई तो उन्होंने सेक्टर-3 के थाना प्रभारी जसपाल सिंह को कॉल की। इसके बाद पुलिस खुद कनिष्क के लिए केक लेकर पहुंची और उसे बर्थडे विश किया।
चंडीगढ़ [कुलदीप शुक्ला]। शुक्रवार को यहां यूटी पुलिस का वह संवेदनशील चेहरा नजर आया। कर्फ्यू और लॉकडाउन के बीच घर में बंद एक बच्चे के चेहरे की मुस्कान की बात आई तो पुलिस दौड़ी-दौड़ी घर पहुंची। दरअसल, सेक्टर-10 में रहने वाले कनिष्क (15) का शुक्रवार को जन्मदिन था। किसी के बर्थडे विश न करने पर वह मायूस हो गया था। कर्फ्यू के कारण केक की व्यवस्था भी नहीं हो पाई थी। उसके चेहरे की खुशी गायब थी।
पिता से जब बेटे की हालत नहीं देखी गई तो उन्होंने सेक्टर-3 के थाना प्रभारी जसपाल सिंह को कॉल की। उन्हें बताया कि आज उनके बेटे का बर्थ-डे है। किसी के बर्थ-डे विश करने नहीं आने पर वह काफी दुखी है। कर्फ्यू की वजह से कही केक भी नही मिल रहा है। इसके बाद सेक्टर-3 थाना प्रभारी जसपाल सिंह पुलिस टीम के साथ बच्चे के घर केक लेकर पहुंचे। परिवार के साथ शारीरिक दूरी का पालन करते हुए तालियां बजाकर बर्थ-डे विश भी किया। यह सब देख बच्चे ने खुश होकर चंडीगढ़ पुलिस और इंस्पेक्टर जसपाल सिंह का धन्यवाद किया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
पुलिस के बच्चे के सेक्टर-10 स्थित घर पहुंचने और केक देकर बर्थडे विश करने की यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गई है। इसे देखने वाला हर व्यक्ति चंडीगढ़ पुलिस की तारीफ किए बिना नहीं रह पा रहा है। जिस तरह यूटी चंडीगढ़ पुलिस ने बच्चे की खुशी के लिए उसे उसके घर जाकर विश किया, वह वाकई काबिल-ए-तारीफ है।
चंडीगढ़ में कोरोना के 27 मामले
चंडीगढ़ में इस समय कोरोना वायरस के 27 मामले रिपोर्ट किए जा चुके हैं। अच्छी बात यह है कि इनमें से 15 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। शहर में कोरोना वायरस से अभी तक किसी की मौत नहीं हुई है। पीजीआइ में शहर के 12 कोरोना पाॅजिटिव पेशेंट आइसोलेशन वार्ड में एडमिट हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें