प्रशासन ने सड़कों का काम आधा अधूरा छोड़ा
पहले तो लोग शहर की टूटी सड़कों से दुखी थे। लेकिन अब इनके आधी अधूरी बनने से परेशान हैं।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : पहले तो लोग शहर की टूटी सड़कों से दुखी थे। लेकिन अब इनके आधी अधूरी बनने से परेशान हैं। आए दिन यह सड़कें हादसों का कारण बन रही हैं। खासकर राउंडअबाउट और उससे पहले अधूरी लेन स्पीड की वजह से संतुलन बिगाड़ रही हैं। एक नहीं अधिकतर राउंडअबाउट का यही हाल है। सेक्टर-26 राउंडअबाउट और मटका चौक का सबसे ज्यादा बुरा हाल है। सेक्टर-26 मंडी वाले राउंडअबाउट के बीच में कई बड़े-बड़े गड्ढे हैं। वाहन तेज गति से राउंडअबाउट पर आता है तो इन गड्ढों में चालक का संतुलन बिगड़ जाता है। इसी तरह से सेक्टर-नौ और 17 मध्य मार्ग से जब मटका चौक पर एंट्री करने से पहले सड़क की दो लेन अधूरी हैं। दो लेन पूरी बनी हैं। इससे जहां सड़क नहीं बनी है वह एरिया आठ से दस इंच नीचे है। इससे अचानक वाहन चालक का टायर ऊपर नीचे होने से संतुलन बिगड़ता है। दो महीने से पड़ा काम अधूरा
दो महीने पहले तक चंडीगढ़ की सड़कों का जैसा हाल था ऐसा शायद ही पहले कभी हुआ हो। सड़कों ने प्रशासन और भाजपा दोनों की जमकर फजीहत कराई। बरसात के बाद तो कई सड़कें चलने लायक ही नहीं बची थी। इसके बाद कहीं जाकर सड़कों का काम शुरू हुआ। जल्दबाजी में सड़कें बनाई गई। परिणाम यह हुआ कि कई सड़कें आधी अधूरी हैं। दो महीने बाद भी इनको पूरा करने का काम शुरू नहीं हुआ है। इंजीनियरिग डिपार्टमेंट किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। वहीं इस बारे में पूछे जाने पर इंजीनियरिग डिपार्टमेंट के अधिकारी ने बताया कि सड़कों का काम फिर से शुरू होने वाला है। सर्दी के कारण रोका गया था।