पेट्रोलिंग के दौरान पुलिसकर्मियों पर पथराव, दो युवक गिरफ्तार Chandigarh News
चौकी इंचार्ज मिनी भारद्वाज के नेतृत्व में तुरंत एरिया में सर्च कर दोनों आरोपित युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपित सेक्टर-52 डी के रहने वाले हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। शहर में कोरोना वायरस को लेकर कफ्र्यू के दौरान बुधवार दोपहर पेट्रोलिंग करने वाले एएसआइ और कांस्टेबल पर दो युवकों ने पथराव कर गालियां निकालनी शुरू कर दी। बेवजह एक्टिवा लेकर घूमते देखे जाने के बाद रोकने पर युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। दोनों आरोपित स्थानीय निवासी प्रीत सिंह और विकास के खिलाफ पुलिस ने 188 के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार करने के साथ एक्टिवा जब्त कर ली।
एएसआइ शेर सिंह और कांस्टेबल दीपक कर्फ्यू को लेकर एरिया में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी बीच दोनों युवक एक्टिवा पर घूमते नजर आए तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। भागने के चक्कर में तुरंत टर्न लेने से एक्टिवा स्लिप हो गई। एक्टिवा छोड़कर दोनों आरोपितों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी करने के साथ आपत्तिजनक शब्द बोलने के बाद भाग गए। सूचना पाकर पहुंची चौकी इंचार्ज मिनी भारद्वाज के नेतृत्व में तुरंत एरिया में सर्च कर दोनों आरोपित युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपित सेक्टर-52 डी के रहने वाले हैं।
किराये पर मकान खोज रहे नेपाली मूल के 10 लोग राउंडअप
बुधवार दोपहर सेक्टर-52 रेजिडेंट्स एरिया में बैग लेकर घूम रहे 10 लोगों को देखकर एक व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत दे दी। सूचना पाकर पहुंची सेक्टर-61 महिला चौकी इंचार्ज मिनी भारद्वाज ने सभी को राउंडअप कर लिया। वहां वेरिफिकेशन कर मेडिकल के बाद सभी को एरिया में ही रहने के लिए किराये पर कमरा दिलवा दिया। जिसके बाद उन्होंने यूटी पुलिस का धन्यवाद किया। दोपहर 1:15 बजे एक व्यक्ति ने चीनी मूल के कई संदिग्ध लोगों को पहली बार एरिया में घूमने की शिकायत दी। पूछताछ में उन लोगों ने बताया कि वे नेपाल से 10 महीने पहले दिल्ली में नौकरी करने आए थे। कुछ महीने पहले चंडीगढ़ में आकर अलग-अलग जगह कुक, गाडिय़ां साफ करने सहित दूसरे काम करने लगे थे। वे सभी होटल रूम में रहते थे। लेकिन कोरोना के कारण कर्फ्यू होने के बाद होटल मालिक ने उनसे कमरा खाली करवा दिया था।