क्लोरिन गैस का सिलेंडर हुआ लीक, दम घुटने से 27 लोग पहुंचे अस्पताल
सिटी अस्पताल के सामने पानी सप्लाई के लिए बने सरकारी ट्यूबवेल के कमरे में रखा क्लोरिन गैस का सिलेंडर लीक हो गया।
जेएनएन, डेराबस्सी (मोहाली)। सिटी अस्पताल के सामने पानी सप्लाई के लिए बने सरकारी ट्यूबवेल के कमरे में रखा क्लोरिन गैस का सिलेंडर लीक हो गया। इस कारण पास में मौजूद रेहड़ी-फड़ी वालों की तबीयत खराब हो गई। गैस लीकेज के कारण दम घुटने की परेशानी से गंभीर करीब 27 लोगों को सिविल अस्पताल डेराबस्सी मे भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन लोगों की हालात ज्यादा खराब होने के कारण उन्हें जीएमसीएच-32 रेफर किया गया है।
शनिवार शाम करीब 5 बजे रामलीला मैदान के पास गैस लीकेज की तेज दुर्गंध आ रही थी, जिसके बाद रेहड़ी-फड़ी वालों का दम घुटने लगा। इससे मौके पर अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। देखते ही देखते कई लोगों को दिक्कत बढती देख उन्हें डेराबस्सी सिविल अस्पताल मे भर्ती कराया गया। इस दौरान फायरबिग्रेड को भी सूचना दी गई। फायरबिग्रेड के जवानों को मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। उन्होंने ट्यूबवेल के कमरे में गैस लीकेज की समस्या को दूर किया।
गैस की लीक होने से पीडि़तों में 19 वर्षीय जसविंदर सिंह, 60वर्षीय अजायब सिंह, 22 वर्षीय अभी अरोड़ा , दिनेश, 25 वर्षीय रविंद्र सिंह, 37 वर्षीय संदीप, 20 वर्षीय दिनेश, 24 वर्षीय जगदीप सिंह, 15 वर्षीय नीतीश , 30 वर्षीय चिंटू व अर्जुन के अलावा सूरज, 32 वर्षीय नीरज शर्मा पत्नी विजय कुमार शर्मा की हालत गंभीर हो गई। यह महिला 7 महीने की गर्भवती है। इसी प्रकार 7 वर्षीय आंचल पुत्री महिंद, 40 वर्षीय महिंद्र पुत्र फूलचंद, 18 वर्षीय मनप्रीत कौर पुत्री अमृतपाल सिंह, दविंदर सिंह पुत्र पिंका राम, 23 वर्षीय गुरप्रीत सिंह पुत्र रमेश, नुसरत अली पुत्र समीर, चार वर्षीय शिवम चौहान पुत्र बॉबी, 25 वर्षीय ममता पत्नी गणेश, 10 वर्षीय विकास पुत्र महिंद्र, गुरप्रीत सिंह पुत्र अवतार सिंह, हनीफ आलम पुत्र बशीरुद्दीन, विक्की पुत्र हनीफ आलम कृष्णा पत्नी दर्शन हैं।