12 वर्षीय लड़की से मां के दोस्त ने 3 साल पहले किया दुष्कर्म, काउंसलिंग के दौरान हुआ खुलासा
शहर में रहने वाली 12 वर्षीय लड़की से उसकी मां के दोस्त ने तीन साल पहले तीन बार दुष्कर्म किया था।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : शहर में रहने वाली 12 वर्षीय लड़की से उसकी मां के दोस्त ने तीन साल पहले तीन बार दुष्कर्म किया था। इसका खुलासा चिल्ड्रेन वेलफेयर कमेटी की काउंसलिंग के दौरान हुआ है। सीडब्ल्यूसी की शिकायत पर संबंधित सेक्टर-31 थाना पुलिस ने आरोपित सनी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपित सनी पहले से किसी आपराधिक मामले में बुड़ैल में बंद है। पुलिस पूरे मामले की जांच में लगी है।
पीड़िता अपने चार भाई-बहनों और पेरेंट्स के साथ हल्लोमाजरा में रहती थी। पिता नशेड़ी है और मां बच्चों का ख्याल नहीं रखती है। जिसके बाद सेक्टर-31 थाना पुलिस ने सूचना पाकर चारों बच्चों को यहां के स्नेहालय में भिजवा दिया है। वहां लगातार काउंसलिंग के दौरान पीडि़ता भावुक हो गई। उसने सीडब्ल्यूसी टीम द्वारा काउंसलिंग के दौरान बताया कि तीन साल पहले उसकी मां का दोस्त सनी अकसर उसके घर आता था। उसने मौका पाकर तीन बार उसके साथ दुष्कर्म किया था।
वारदात के समय पीडि़ता की उम्र 9 साल थी। धमकी देने के कारण उसने मामले के बारे में पुलिस को शिकायत नहीं दी। सूत्रों की मानें तो बच्ची ने पेरेंट्स को आरोपित की करतूत के बारे में बताया था। लेकिन उन्होंने उसे ही डांटकर चुप करवा दिया। जिसके बाद सीडब्ल्यूसी की सूचना पर पहुंची सेक्टर-31 थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म और पोकसो एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पांच दिन बाद होंगे 164 के बयान दर्ज
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने पीडि़ता के 164 के बयान नहीं दर्ज करवाए हैं। दरअसल, सीडब्ल्यूसी टीम ने लिखित तौर पर पुलिस को बोला है कि अभी लड़की काउंसलिंग के बाद से सदमे में है। उसे नार्मल होने में तीन-चार दिन का समय लग जाएगा। पांच दिन बाद ही पुलिस बच्ची के बयान दर्ज करेगी।