ट्राईसिटी सैनी विकास मंच ने चंडीगढ़ के कोरोना योद्धाओं को किया सम्मानित
ट्राईसिटी विकास मंच द्वारा सोमवार को सैणी भवन सेक्टर- 24 में माता सावित्री बाई फूले की जंयती कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शहर में कोरोना महामारी के दौरान लोगों की सहायता करने वाले कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया गया।
चंडीगढ़, जेएनएन। ट्राईसिटी सैणी विकास मंच चंडीगढ़ ने सोमवार को सैणी भवन सेक्टर- 24 में माता सावित्री बाई फूले की जंयती मौके पर कोरोना योद्धाओं का सम्मान किया। कार्यक्रम में एडीशनल सेक्रेटरी फूड सप्लाई विभाग तेजदीप सिंह सैनी पीसीएस, शिरोमणी अकाली दल चंडीगढ़ के अध्यक्ष हरदीप सिंह बुटेरला मुख्य मेहमान के तौर पर शामिल हुए। सभी ने माता फूले की प्रतिमा पर फूल मालाएं चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मंच के अध्यक्ष जय सिंह सैणी और चीफ पैटर्न प्रीतम सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में कोरोना महामारी दौरान काम करने वाले डॉक्टर, पुलिस कर्मचारी, पत्रकार व लंगर लगाने वाली संस्थाओं के सदस्यों को सम्मानित किया गया। सम्मानित शख्सीयतों में डीएसपी गुरमुख सिंह, डीएसपी अमराओ सिंह सहित नर्सिंग स्टाफ से डॉ. सिंघानिया, रतना देवी, ऊषा सैनी, हरप्रीत कौर सैनी, कमलजीत कौर सैणी, रमनदीप कौर सैनी, मनदीप कौर, सरोज, आस्था, रुपिंदर कौर, अध्यापिका कविता, सब इंस्पेक्टर बहादुर सिंह शामिल थे।
सैणी विकास मंच के कनवीनर वेदपाल सैनी ने माता सावित्री बाई फूले के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ज्ञान की देवी के तौर पर जानी जाती माता फूले सबसे पहली महिला अध्यापिका थी जो कि नारी मुक्ति और नारी अधिकारों प्रति पहली आंदोलनकारी और समाज की पिछड़ी हुई महिलाओं में शिक्षा के लिए अलख जगाने वाली भी थी। इसके साथ ही वह दलितों की भलाई को समर्पित रहने वाली महान समाज सुधारक भी थी। उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण काम किए।
अकाली दल के प्रधान हरदीप सिंह बुटेरला ने बताया कि माता सावित्री बाई फूले भी अपने समय दौरान फैल चुकी प्लेग की महामारी दौरान सेवा करते स्वर्ग सिधार गई थीं। इसलिए आज उनके जन्मदिन मौके कोरोना महामारी में सेवा करने वाले योद्धाओं को सम्मानित किया गया है।