माता वैष्णो देवी जाना है तो इस Express train से करें सफर, मिलेगी यह सुविधा
माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए चंडीगढ़ पंचकूला और मोहाली के लोगों के लिए भी अच्छी खबर है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मात्र छह घंटे में अंबाला से कटरा रेलवे स्टेशन पहुंच जाएगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए जाने वाले चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली (ट्राईसिटी) के लोगों के लिए भी अच्छी खबर है। आधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मात्र छह घंटे में अंबाला से कटरा रेलवे स्टेशन पहुंच जाएगी। इस नई ट्रेन का ट्राईसिटी के लोग भी फायदा उठा सकते हैं। चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली से अंबाला की अच्छी कनेक्टिविटी होने के कारण पैसेंजर इस ट्रेन का लाभ उठा सकेंगे। चंडीगढ़ से मात्र 45 किलोमीटर की दूरी पर स्थित अंबाला रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का स्टॉपेज बनाया गया है। अंबाला में इस ट्रेन का दो मिनट का स्टॉपेज है।
130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली इस ट्रेन से यात्री मात्र छह घंटे में अंबाला से कटरा पहुंच सकेंगे। इस ट्रेन की शुरुआत नई दिल्ली से होगी। जल्द ही नई दिल्ली से कटरा के बीच टी-18 का ट्रायल शुरू होगा। इसे लेकर रेलवे बोर्ड ने उत्तर रेलवे को निर्देश जारी कर दिया है। ट्रायल रन सफल रहने के बाद इसे इस रूट पर चलाने की घोषणा की जाएगी। अंबाला के बाद लुधियाना और जम्मूतवी बनाया है स्टॉपेज पहली वंदे भारत एक्सप्रेस नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चल रही है। अब इसे नई दिल्ली से कटरा के बीच चलाने की तैयारी है। रास्ते में इसका तीन जगह ठहराव होगा।
नई दिल्ली से चलने के बाद यह अंबाला, लुधियाना और जम्मूतवी में ठहरेगी। अभी अंबाला से कटड़ा के बीच का सफर लगभग नौ से 10 घंटे का है। लेकिन इस ट्रेन के शुरू हो जाने से पैसेंजर मात्र छह घंटे में ही कटरा पहुंच जाएंगे। वंदे भारत नई दिल्ली से सुबह छह बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और सुबह 8.10 बजे अंबाला जंक्शन पहुंचेगी और वहां से 8.12 बजे रवाना होगी। सुबह 9.22 बजे लुधियाना पहुंचकर वहां से 9.24 बजे रवाना होगी। दोपहर 12.40 बजे ट्रेन जम्मूतवी और दोपहर दो बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन पर पहुंचेगी।
वापसी में वंदे भारत दोपहर तीन बजे कटड़ा से चलेगी और शाम 4.18 बजे जम्मूतवी पहुंचेगी। वहां से 4.20 बजे रवाना होकर लुधियाना शाम 7.36 बजे पहुंचेगी और 7.38 में रवाना होगा। शाम 8.56 बजे अंबाला पहुंचकर 8.58 बजे रवाना होगी रात 11 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
चंडीगढ़ से कटरा के लिए अभी एक ही ट्रेन
चंडीगढ़ से कटरा के लिए अभी तक एक ही ट्रेन उपलब्ध थी। वह भी हफ्ते में दो दिन। जिसकी वजह से अधिकतर पैसेंजर को अंबाला से कटरा के लिए ट्रेन लेनी पड़ती थी। लेकिन अब वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने से चंडीगढ़ के लोगों के लिए दूसरा विकल्प भी मिल जाएगा। मौजूदा चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से कटरा के लिए ट्रेन नंबर-14503 संचालित की जाती है। जोकि चंडीगढ़ से शाम 7.55 बजे पर रवाना होती है। यह ट्रेन अगले दिन वैष्णों देवी कटरा स्टेशन सुबह 4.35 बजे पहुंचती है। चंडीगढ़ से यह ट्रेन हफ्ते में दो दिन मंगलवार और शुक्रवार को है।