दिवाली से पहले खुल जाएंगे चंडीगढ़ के टूरिस्ट स्पॉट, कैपिटल कांप्लेक्स से होगी शुरुआत
टूरिस्ट स्पॉट खोलने के लिए प्रशासन अलग से स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर प्रशासन जारी करेगा। शर्तों और पाबंदियों के साथ ही यह एक्टिविटी शुरू होंगी। कोरोना महामारी के कारण पिछले सात महीने से शहर के सभी टूरिस्ट स्पॉट पर एंट्री बैन है।
चंडीगढ़, [बलवान करिवाल]। शहर में मल्टीप्लेक्स और थियेटर के बाद टूरिस्ट स्पॉट खोलने की तैयारी भी होने लगी है। दिवाली से पहले टूरिस्ट स्पॉट खुल जाएंगे। इसकी तैयारी जोरों पर हो रही है। टूरिस्ट स्पॉट खुलने की शुरुआत वर्ल्ड हेरिटेज साइट कैपिटल कांप्लेक्स से होगी। कैपिटल कांप्लेक्स में भी पहले की तरह तीन टूर नहीं होंगे। केवल एक टूर से शुरुआत होगी। यह भी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद ही होगा।
बता दें कि कोरोना महामारी की वजह से पिछले सात महीने से शहर के सभी टूरिस्ट स्पॉट पर एंट्री बैन है। किसी को यहां आने जाने की मंजूरी नहीं है। अभी तक सिर्फ सुखना लेक ही टूरिस्ट के लिए ओपन है। यहां भी केवल ट्रैक ही ओपन किया गया है। बोटिंग या दूसरी फन एक्टिविटी बंद है। एम्यूजमेंट पार्क पर ताला लगा है। लेकिन अब यह भी फिर से गुलजार होंगे। हालांकि इन सबको खोलने के लिए अलग से स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर प्रशासन जारी करेगा। शर्तों और पाबंदियों के साथ ही यह एक्टिविटी शुरू होंगी। रॉक गार्डन में रास्ते काफी संकरे हैं। इस वजह से इसे अलग नियम व शर्तों के साथ खोला जाएगा। बैच वाइज टूरिस्ट को एंट्री देने पर विचार किया जा रहा है। जिससे आवाजाही के दौरान आपस में किसी का आमना सामना न हो।
सर्दियों में खूब पहुंचते हैं टूरिस्ट
सर्दियों के मौसम में चंडीगढ़ आने वाले टूरिस्ट की तादाद बढ़ जाती है। इंटरनेशनल एयरलाइंस बंद होने से इस बार विदेशी टूरिस्ट नहीं आ पाएंगे। लेकिन देश के विभिन्न हिस्सों से टूरिस्ट चंडीगढ़ पहुंचेगा। इसको देखते हुए प्रशासन तैयारी कर रहा है। हालांकि कोविड की गाइडलाइंस का पालन कराना भी सुनिश्चित किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू एंड कश्मीर, लेह लद्दाख और उत्तराखंड के टूरिस्ट स्पॉट का चंडीगढ़ ट्रांजिट प्वाइंट है। यहीं से होकर टूरिस्ट इन जगहों पर जाते हैं। सर्दियों में स्नो फॉल होने की वजह से टूरिस्ट इन जगहों पर ज्यादा पहुंचता है। आते जाते चंडीगढ़ भी यह टूरिस्ट रुकता है। इस वजह से चंडीगढ़ के टूरिस्ट स्पॉट भी खोलने की तैयारी शुरू हो गई है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें