पंजाब के खेल मंत्री सोढी बोले- हॉकी में मॉस्को ओलंपिक के बाद अब Tokyo Olympic में पदक की उम्मीद
Tokyo Olympic 2020 पंजाब के खेल मंत्री राणा गुरमीत सोढी ने कहा कि भारतीय हॉकी टीम टोक्यो ओलंपिक में पदक जरूर जीतेगी। बुधवार को खेल मंत्री ने मोहाली में ओलंपिक की लगाई गई लाइव स्ट्रीमिंग के लिए एलईडी स्क्रीन का उद्घाटन किया।
जागरण संवाददाता, मोहाली। Tokyo Olympic 2020: भारतीय हॉकी टीम ने 1980 के मॉस्को ओलंपिक के बाद पदक की उम्मीद जगाई है। यह कहना है पंजाब के खेल मंत्री राणा गुरमीत सोढी का। खेल मंत्री बुधवार को खेल स्टेडियम मोहाली में ओलंपिक की लगाई गई लाइव स्ट्रीमिंग के लिए एलईडी स्क्रीन का उद्घाटन किया। वहीं, सेल्फी पॉइंट का भी खेल मंत्री ने शुभारंभ किया है।
सोढी ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक 2020 में खेल रही भारतीय हॉकी टीम में विशेषकर पंजाबी खिलाड़ियों की शानदार प्रदर्शन को देखते मैं यकीन से कह सकता हूं कि हम मॉस्को ओलंपिक 1980 के बाद हॉकी में पदक हासिल करने जा रहे हैं। खेल मंत्री ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक के लिए हमारी तैयारी ग्लोबल मानकों के अनुरूप है। सोढ़ी ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य के सभी खेल आयोजनों के खिलाड़ी कम से कम तीन से चार पदक जीतेंगे। क्योंकि पंजाब ने देश में दूसरा सबसे बड़ा दल ओलंपिक में भेजा है।
उन्होंने कहा हमारे खिलाडिय़ों ने कठिन अभ्यास किया है। उम्मीद है कि ओलंपिक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। खेल मंत्री ने कहा कि जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमें अपने ओलंपिक खिलाडिय़ों को चीयर्सअप करने की कोशिश करनी चाहिए। इसलिए खेल विभाग सेक्टर-78 स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में सेल्फी प्वाइंट बनाकर इसकी सेवा कर रहा है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सभी ओलंपिक खिलाड़ियों के प्रशंसकों के लिए उनके प्रति अपना प्यार व्यक्त करने का यह एक शानदार अवसर है। इस सेल्फी पॉइंट में एक एलईडी स्क्रीन है जिस पर टोक्यो ओलंपिक 2020 के विभिन्न लाइव इवेंट देखे जाएंगे। उन्होंने मोहाली के लोगों से इस सेल्फी पॉइंट पर जाने और हमारे ओलंपिक खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।
राणा सोढ़ी ने दोहराया कि ओलंपिक में स्वर्ण विजेताओं को पुरस्कार राशि के रूप में 2.25 करोड़ रुपये, रजत विजेताओं को 1.5 करोड़ रुपये, जबकि कांस्य पदक जीतने वालों को सरकारी नौकरियों के साथ-साथ 1 करोड़ रुपये मिलेंगे। इस दौरान प्रमुख सचिव खेल राज कमल चौधरी और निदेशक खेल डीपीएस खरबंदा, करतार सिंह संयुक्त संचालक खेल, संजय महाजन एक्सईएन स्पोर्ट्स, डीएसओ गुरदीप कौर सिंह आदि मौजूद रहे।