ये हैं भविष्य के खिलाड़ी... पंजाब हॉकी अकादमी से 3 प्लेयर नेशनल कैंप के लिए चयनित
अमृतसर के बटाला में आरजीएस बाबा पल्लाहा हॉकी अकादमी में प्रेक्टिस करने वाले फारवर्ड प्रभजोत सिंह जालंधर स्थित आरजीएस लायलपुर खालसा कॉलेज की महिला हॉकी अकादमी से नेहा कुमारी और नवनीत कौर का चयन जूनियर महिला राष्ट्रीय शिविर के लिए हुआ है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। राउंडग्लास पंजाब हॉकी अकादमी से तीन युवा एथलीट्स का चयन हॉकी इंडिया द्वारा आयोजित महिला एवं पुरुष नेशनल कैंप में संभावित खिलाड़ियों के रूप में हुआ है। इन खिलाड़ियों में एक पुरुष और दो महिला खिलाड़ी शामिल हैं। अमृतसर के बटाला में आरजीएस बाबा पल्लाहा हॉकी अकादमी में प्रेक्टिस करने वाले फारवर्ड प्रभजोत सिंह सीनियर पुरुष राष्ट्रीय शिविर के लिए बुलाए गए 60 खिलाड़ियों में से एक हैं। जबकि जालंधर स्थित आरजीएस लायलपुर खालसा कॉलेज की महिला हॉकी अकादमी से नेहा कुमारी और नवनीत कौर का चयन जूनियर महिला राष्ट्रीय शिविर के लिए हुआ है। कैंप में 66 खिलाड़ी शामिल हैं।
एफआइएच प्रो लीग, एशियाई खेलों, हॉकी महिला जूनियर विश्व कप जैसे विभिन्न आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स को मद्देनजर रखते हुए दोनों कैंप इस महीने की शुरुआत में ही बेंगलुरु में आयोजित किए जा रहे हैं। द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता एवं राउंडग्लास स्पोर्ट्स के रणनीतिक सलाहकार सरपाल सिंह ने कहा हमारा एक महत्वपूर्ण मिशन खिलाड़ियों को खेलने के लिए प्रेरित करना है और उनका सभी प्रकार से जैसे शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना। हमारे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम प्रशिक्षण शिविरों के लिए बुलावा आते हुए देखना निश्चित रूप से युवाओं को प्रेरित करेगा। मैं उन सभी को शुभकामनाएं देता हूं।
राउंडग्लास पंजाब हॉकी अकादमी के सहायक तकनीकी निदेशक राजिंदर सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर हमारी भागीदारी का यह पहला साल है और हमारे खिलाड़ियों को भारतीय टीम के कैंपों के लिए बुलाया जाना हमारे लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। मुझे उम्मीद है कि हम भविष्य के नए नए सितारों को उभरते हुए देखेंगे और भारतीय हॉकी की विरासत को बहाल करने के अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ेंगे।