चंडीगढ़ में बदमाशों का एनकाउंटर, दो के पैर में लगी गोली; चकमा देकर भाग रहे थे शूटर्स
चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच ने सेक्टर-32 की सेवक फार्मेसी फायरिंग मामले में दो शूटरों राहुल और रॉकी को सेक्टर-39 जिरी मंडी ...और पढ़ें
HighLights
चंडीगढ़ के सेक्टर- 32 में बदमाशों का एनकाउंटर
पुलिस को चकमा देकर भाग रहे थे बदमाश
सेक्टर-32 की सेवक फार्मेसी फायरिंग मामले में हुआ एनकाउंटर
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-32 में मौजूद सेवक फार्मेसी पर हुई फायरिंग के मामले में चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-39 जिरी मंडी चौक के पास शूटरों का एनकाउंटर कर दिया। सुबह करीब 6 बजे हुई इस मुठभेड़ में दो शूटर घायल हो गए, जिनकी पहचान राहुल और रॉकी के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए सेक्टर-16 के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपियों की गाड़ी को रोकने का इशारा किया, लेकिन इस दौरान हालात बिगड़ने पर पुलिस की ओर से गोली चलाई गई, जिसमें दोनों शूटर घायल हो गए। पुलिस ने मौके से गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है।
आरोपी राहुल लैबोरेटरी चलाता है
गौरतलब है कि इस मामले में क्राइम ब्रांच पहले ही सेक्टर-46 निवासी राहुल बिष्ट को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस जांच में सामने आया था कि आरोपी राहुल बिष्ट सेक्टर-32 में एक लैबोरेटरी चलाता है, जिसमें उसका एक पुलिसकर्मी पार्टनर भी है। दोनों ने मिलकर फार्मेसी पर फायरिंग की साजिश रची थी।
बताया जा रहा है कि घटना के समय काउंटर पर बैठे दुकानदार के बेटे तनीश ने बाल-बाल बचते हुए तुरंत अपने परिजनों को सूचना दी थी। इसके बाद दुकान मालिक जगदीश, निवासी सेक्टर-32, मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलती ही मौके पर पहुंची टीम
सूचना मिलते ही सेक्टर-34 थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, ऑपरेशन सेल और जिला अपराध शाखा की टीमें मौके पर पहुंची थीं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से एक खाली कारतूस बरामद किया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दो युवक एक्टिवा पर आते और फायरिंग कर फरार होते हुए दिखाई दिए थे, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार और घायल आरोपियों से पूछताछ जारी है। साथ ही आरोपी के पुलिसकर्मी पार्टनर और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले में जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
