विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब CM भगवंत मान के आवास और विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, सूचना मिलते ही पुलिस ने संभाला मोर्चा

Published: Mon, 31 Aug 2026 03:21 PM (IST)

चंडीगढ़ में पंजाब एवं हरियाणा सिविल सचिवालय, मुख्यमंत्री आवास और विधानसभा को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है।

सिविल सचिवालय, पंजाब सीएम आवास और विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी।

सिविल सचिवालय, पंजाब सीएम आवास और विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी।

HighLights

  1. सचिवालय, सीएम आवास, विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी

  2. ईमेल के जरिए मिली धमकी, पुलिस और एजेंसियां अलर्ट

  3. बम स्क्वॉड तैनात, धमकी की सत्यता की जांच जारी

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा सिविल सचिवालय, पंजाब के मुख्यमंत्री आवास और पंजाब विधानसभा को बम धमाके से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को चंडीगढ़ पुलिस में हड़कंप मच गया। ई-मेल के माध्यम से बम धमकी मिलने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल अलर्ट किया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बम स्क्वॉड, ऑपरेशन सेल, फायर ब्रिगेड, मेडिकल फर्स्ट रिस्पांस टीम (एमएफटी), एंबुलेंस और सिविल डिफेंस की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। सभी संबंधित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए जांच शुरू की गई।

कंट्रोल रूम से मिली सूचना, तुरंत पहुंची टीमें

पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम को बम धमाके की धमकी से संबंधित सूचना मिली थी। इसके बाद संबंधित पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और मौके पर मौजूद टीमों ने सुरक्षा जांच शुरू कर दी।

मामले में सेक्टर-3 थाना पुलिस भी कार्रवाई में जुटी है। पुलिस धमकी भेजने वाले की पहचान और ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कर रही है।

बम स्क्वॉड समेत कई एजेंसियां अलर्ट

धमकी की सूचना के बाद बम स्क्वॉड ने संबंधित स्थानों की जांच शुरू की। फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को भी मौके पर तैनात रखा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। सेक्टर-3 थाना प्रभारी भी मौके पर मौजूद रहे।

फिलहाल पुलिस धमकी को लेकर सभी पहलुओं की जांच कर रही है। धमकी वास्तविक है या किसी ने दहशत फैलाने के इरादे से ई-मेल भेजा है, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।