पंजाब के एक और मंत्री पर खतरा, फौजा सिंह सरारी पर लटकी कैबिनेट से बर्खास्तगी की तलवार, आप ने दिया नोटिस
Punjab Minister Fauja Singh Sarari पंजाब के एक और मंत्री के पद पर खतरा है। भगवंत मान सरकार के मंत्री फौजा सिंह सरारी पर कैबिनेट से बर्खास्तगी की तलवार लटक गई है। आम आदमी पार्टी ने फौजा सिंह को नोटिस जारी किया है।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। Punjab Minister Fauja Singh Sarari: पंजाब कैबिनट के पूर्व सदस्य डा. विजय सिंगला के बाद अब कैबिनेट मंत्री फौजा सिंह सरारी पर भी बर्खास्तगी की तलवार लटक गई है। सरारी को भ्रष्टाचार के मामला में आम आदमी पार्टी की सरकार ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सरारी को लेकर आप सरकार की छवि खासी बिगड़ रही है, क्योंकि विपक्ष लगातार सरारी के आडियो को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।
विपक्ष ने कहा, केवल लीपापोती कर रही है आप
वहीं, कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का कहना है, आप इस मामले में भी लोगों को गुमराह कर रही है। एक मंत्री जिसका आडियो या वीडियो अभी तक सामने नहीं आया, उसे तो मुख्यमंत्री ने तुरंत कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया था। जबकि सरारी का आडियो आए 17 दिन का समय बीत गया है। अभी तक को उसे बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए था।
मंत्री का ‘कमाई’ को लेकर अपने ओसएडी के साथ हुई बातचीत का आडियो हुआ था वायरल
वहीं, माना जा रहा है कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव को देखते हुए आप ने सरारी पर कार्रवाई करने का मन बना लिया है। बता दें कि सरारी का अपने ओएसडी तरसेम कपूर के साथ कमाई के लिए भ्रष्टाचार करने का आडियो 11 सितंबर को वायरल हुआ था। इस आडियो को खुद तरसेम कपूर ने लीक किया था।
इस आडियो के सामने आने के बाद से ही आप सरकार बैक फुट पर चल रही है। शुरू में पार्टी ने आडियो की सत्यता जांचने की बात की। उस समय मुख्यमंत्री भगवंत मान जर्मनी में थे। अब पार्टी ने सरारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। वहीं, वड़िंग का कहना है, नोटिस का ड्रामा तो इसलिए क्योंकि सेशल चल रहा है। सरकार को चिंता थी विपक्ष मुद्दा उठाएगा इसलिए नोटिस जारी करने का ड्रामा किया जा रहा है। सरकार को तो अभी तक सरारी पर कार्रवाई कर देनी चाहिए थी। वहीं, माना जा रहा है कि सरकार जल्द ही सरारी पर कार्रवाई कर सकती है।