जज सुनाने जा रहे थे सजा पर फैसला, भाग निकला चोरी का आरोपित; मोहाली के डेराबस्सी कोर्ट की सुरक्षा पर सवाल
डेराबस्सी कोर्ट में चोरी के मामले में सजा सुनाए जाने से पहले आरोपित फरार हो गया, जिससे कोर्ट परिसर की ...और पढ़ें

डेराबस्सी कोर्ट परिसर से बाहर आती महिलाएं। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
सजा सुनाए जाने से ठीक पहले फरार।
पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल।
तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश।
संवाद सहयोगी, डेराबस्सी (मोहाली)। चोरी के मामले में अदालत पहुंचे आरोपित के अचानक कोर्ट परिसर से फरार होने के बाद शुक्रवार को डेराबस्सी अदालत में अफरा-तफरी मच गई। आरोपित इतनी जल्दबाजी में भागा कि अपनी चप्पल भी परिसर में ही छोड़ गया।

फरार आरोपित की पहचान गोल्डी के रूप में बताई गई है। जानकारी के अनुसार गोल्डी के खिलाफ वर्ष 2021 से चोरी से संबंधित मामला अदालत में विचाराधीन था। शुक्रवार को इसी मामले में उसे अदालत में पेश किया गया था और मामले में फैसला सुनाए जाने की प्रक्रिया चल रही थी।
बताया जा रहा है कि आरोपित की ओर से जमानत के लिए भी प्रयास किए गए, लेकिन उसे राहत नहीं मिली। इसी बीच अदालत की कार्रवाई के दौरान मौका मिलते ही गोल्डी पर पुलिस की निगरानी से निकलकर कोर्ट परिसर से भाग गया।
घटना का पता चलते ही वहां मौजूद पुलिस कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आसपास उसकी तलाश की गई, लेकिन तत्काल उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी।
हिरासत से कैसे निकला, इसकी भी होगी जांच
अदालत जैसे संवेदनशील परिसर से आरोपित के फरार होने की घटना ने सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि पेशी के दौरान आरोपित की निगरानी की जिम्मेदारी किन पुलिस कर्मचारियों के पास थी और वह किस रास्ते से परिसर से बाहर निकलने में कामयाब हुआ। पुलिस फरार गोल्डी की तलाश में जुटी है। उसके पकड़े जाने के बाद ही फरार होने की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट होने की उम्मीद है।
