कार लूट कांड : चालक को दो पर शक, कहा- रंजिश वश लूटी गई गाड़ी
पुरानी रंजिश की वजह से 20 वर्षीय परम की गाड़ी लूटी गई। परम चंडीगढ़ सेक्टर-45 का रहने वाला है। वह बिसलेरी इंडिया में नौकरी करता है। जिस समय उसे गोली मारकर उसकी गाड़ी लूटी गई वह अपने मोहाली स्थित दोस्त से मिलकर वापस घर लौट रहा था।
जासं, मोहाली : पुरानी रंजिश की वजह से 20 वर्षीय परम की गाड़ी लूटी गई। परम चंडीगढ़ सेक्टर-45 का रहने वाला है। वह बिसलेरी इंडिया में नौकरी करता है। जिस समय उसे गोली मारकर उसकी गाड़ी लूटी गई, वह अपने मोहाली स्थित दोस्त से मिलकर वापस घर लौट रहा था। वारदात सोमवार देर रात करीब सवा 11 बजे मटौर थाना क्षेत्र के सेक्टर-70 में हुई थी। उसने पुलिस के सामने दो व्यक्तियों पर शक जताया है। उसने बताया है कि पिछले दिनों दो व्यक्तियों के साथ उसका किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, शायद उन्होंने ही रंजिश वश कार लूट की वारदात को अंजाम दिया।
हथियार बंद युवकों ने परम को गाली मार कर उसकी इटियोज गाड़ी लूट ली थी। हालांकि गोली परम के हाथ में लगी। फिर भी उसने लुटेरों का करीब 20 मीटर तक दौड़कर पीछा भी किया, लेकिन लुटेरे कार ले भागने में कामयाब रहे। परम ने पुलिस को बताया कि उससे गाड़ी लूटकर भागने वाले दो थे, जिन्होंने सबसे पहले उस पर गोली चलाई। पुलिस ने घायल परम को फेज -6 के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया।
डीएसपी सिटी-1 गुरशेर सिंह संधू का कहना है कि मामले में कुछ लोगों को राउंडअप किया गया है। पुलिस मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ 379बी व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। लूट वाली जगह से कुछ ही दूरी पर टकराई थीं तीन गाड़ियां, लगा रहा जाम
सोमवार रात फेज-7 लाइट प्वाइंट पर तीन गाड़ियों में हुई टक्कर के कारण सड़क पर लंबा जाम लगा था। दो इनोवा व एक टियागो की टक्कर होने के कारण तीनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं लगी। मगर तीनों वाहनों के चालक एक-दूसरे पर लापरवाही का आरोप लगाकर आपस में नोकझोंक कर रहे थे। उसी दौरान पीछे से सेक्टर -70 पेट्रोल पंप से दूसरी ओर सड़क पर परम से दो युवक गाड़ी छीनने का प्रयास करने लगे। हाथ में गोली लगने के बावजूद परम ने की लुटेरों का पीछा करने की कोशिश
प्रत्यक्षदर्शियों में शामिल जोमैटो कंपनी में काम करने वाले लाली ने बताया कि वह पेट्रोल भरवाने के लिए सेक्टर-70 पेट्रोल पंप पर आया था। उसने देखा कि परम की ड्राइवर सीट का शीशा खुला था और बाहर खड़े युवक उससे झगड़ा कर रहे थे। परम ने खुद को उनसे बचाने का प्रयास किया। उसी दौरान एक युवक ने गोली चला दी जो परम के हाथ पर लगी। उन्होंने घायल परम को बाहर निकाला और गाड़ी में बैठकर गाड़ी भगा ली। परम खून से लथपथ अपनी इटियोस गाड़ी के पीछे भाग रहा था।