बारिश ने खोली मोहाली निगम की पोल, जीरकपुर में घंटों जाम
मानसून की पहली जोरदार बरसात ने मोहाली नगर निगम के दावों की पोल खोल दी। मंगलवार शाम शुरू हुई बारिश बुधवार दोपहर तक रुक रुक कर होती रही।
जागरण संवाददाता, जीरकपुर, मोहाली: मानसून की पहली जोरदार बरसात ने मोहाली नगर निगम के दावों की पोल खोल दी। मंगलवार शाम शुरू हुई बारिश बुधवार दोपहर तक रुक रुक कर होती रही। इस दौरान जीरकपुर फ्लाईओवर के नीचे जलभराव के चलते जाम लग गया। सुबह लोगों को ऑफिस जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। बीस मिनट का सफर तय करने को डेढ़ घंटे से ज्यादा का समय लगा। वहीं मोहाली शहर के अलावा, डेराबस्सी, कुराली, नयागांव, लालडू में भी जलभराव के कारण लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे भारी जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। उधर मोहाली नगर निगम की ओर से करीब छह महीने से बरसात से निपटने के दावों की पोल खुल गई। फेज-6, 5 फेज-1 स्थित एचएल मकानों में लबालब पानी भर गया, जिससे लोग घरों से बाहर आकर भीगे और पूरी रात परेशान होते रहे। फेज-5 में कई जगहों पर सड़कें धंस गई। करीब चार महीने पहले पांच करोड़ की लागत से पेबर ब्लॉक लगाए गए थे जोकि बारिश के कारण धंस गए।
फायर बिग्रेड की लेनी पड़ी मदद
फेज-1 में पानी को निकालने के लिए फायर ब्रिगेड की मदद लेनी पड़ी। इस दौरान पहले मेन सड़कों और पार्कों में जलभराव होने लगा। इसी बीच फेज-1 के एचएल क्वार्टरों में पानी भर गया। लोग आफत में आकर बाहर निकल आए कई घरों में करीब डेढ़ फीट तक पानी भर गया था। यही हाल फेज-6 का था। इलाके के पूर्व पार्षद आरपी शर्मा के एचई क्वार्टर में जलभराव की जानकारी दी। फेज-3बी2 में पूर्व पार्षद कुलजीत सिंह बेदी के एरिया में सड़कें लबालब पानी भर गई।
ये बोले निगम कमिश्नर
निगम कमिश्नर कमल गर्ग ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया गया है। जिस जगह पर पेबर धंसे हैं वे ठीक करवाए जाएंगे, इसके साथ ही जांच भी करवाई जाएगी। पूरी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।