झमाझम बारिश से शहर का मौसम हुआ सुहावना, पाइप में रहकर खुद को बारिश में भीगने से बचाया
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को भी शहर में बारिश होने के आसार बने हुए हैं। जिससे हरियाणा और पंजाब के भी कुछ इलाकों में भारी बारिश होगी।
चंडीगढ़, जेएनएन। कई दिनों की गर्मी और उमस से बेहाल शहरवासियों को वीरवार सुबह राहत मिली। शहर में सुबह से ही झमाझम बारिश शुरू हुई, जिससे शहर का मौसम सुहावना हो गया। लोग इस सुहावने का मौसम का आनंद भी लेते हुए दिखाई दिए। इस दौरान एक व्यक्ति पाइप में रहकर खुद को बारिश से बचाता हुआ दिखाई दिया।
वहीं, दोपहर बाद शहर में धूप भी निकली। वहीं, मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्रपाल शर्मा ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को भी शहर में बारिश होने के आसार बने हुए हैं। इसके साथ ही हरियाणा और पंजाब के भी कुछ इलाकों में भारी बारिश होगी।
वीरवार सुबह की शुरुआत शहरवासियों की आसमान से बरसती हुई बूंदों के साथ हुई। शहर में सुबह करीब 12 बजे तक खूब झमाझम बारिश हुई। लेकिन दोपहर बाद शहर में धूप निकल आई। लेकिन सूरज आसमान में बादलों के बीच आंखमिचौली खेलता रहा। शहर में शाम के समय कभी धूप तो कभी बादल छाए रहे। सुहावने मौसम का आनंद लोग शहर के पार्कों और सुखना लेक पर लेते दिखाई दिए। इस दौरान जो लोग सड़क पर पैदल जाते हुए दिखाई दिए, वे छाता लिए हुए थे।
51.6 एमएम बारिश हुई दर्ज
शहर में सुबह ही 49.9 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। वहीं, शाम पांच बजे तक शहर में कुल 51.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम दर्ज किया गया। सड़कों पर जाम की स्थिति सुबह से हो रही बारिश के चलते लोग अपने काम पर जाने के लिए टू-व्हीलर की जगह फोर व्हीलर का प्रयोग करते हुए ज्यादा दिखाई दिए। इस दौरान शहर की सड़कों और लाइट प्वाइंट पर जाम की स्थिति देखने को मिली, तो वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें