चंडीगढ़ में संवेदनशील बूथों की संख्या और बढ़ेगी, दस अतिरिक्त कंपनियों की डिमांड भेजी
चंडीगढ़ में संवेदनशील बूथों की संख्या और बढ़ेगी। इलेक्शन डिपार्टमेंट ने सर्वे के बाद कुछ और बूथों को संवेदनशील बूथ बनाने का फैसला लिया है।
जेएनएन, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में संवेदनशील बूथों की संख्या और बढ़ेगी। इलेक्शन डिपार्टमेंट ने सर्वे के बाद कुछ और बूथों को संवेदनशील बूथ बनाने का फैसला लिया है। ऐसा होने के बाद चंडीगढ़ में संवेदनशील बूथ लगभग 50 फीसद हो जाएंगे। चंडीगढ़ में कुल 597 बूथ हैं। जिनमें से 212 बूथ अभी संवेदनशील कैटेगरी में हैं। इनकी संख्या बढ़कर 225 तक हो सकती है। इलेक्शन डिपार्टमेंट सभी बूथ का बारीकी से सर्वे करवा रहा है। इसके बाद यह तय किया जा रहा है कि और कौन से बूथ संवेदनशील होंगे। संवेदनशील बूथ की संख्या बढऩे को देखते हुए पुलिस के साथ स्पेशल फोर्स की संख्या भी बढ़ेगी। इलेक्शन डिपार्टमेंट ने 10 अतिरिक्त कंपनियां भेजने की मांग चुनाव आयोग को भेजी है। अभी चंडीगढ़ को सीआरपीएफ की एक कंपनी मिली है। एक कंपनी में 100 जवान शामिल होते हैं। संवेदनशील बूथ पर अतिरिक्त सुरक्षा की जरूरत रहती है। यहां पुलिस के साथ अतिरिक्त स्पेशल फोर्स तैनात करनी होती है। इन संवेदनशील बूथों पर सिक्योरिटी फोर्सेस से लेकर स्टाफ भी अन्य बूथ से ज्यादा होगा। सभी बूथों और पूरी चुनाव प्रक्रिया में करीब 4 हजार इंप्लाइज लगाए गए हैं। इन सभी को विशेष तरह की ट्रेनिंग दी गई है। चंडीगढ़ में सातवें यानी अंतिम चरण में 19 मई को चुनाव होना है। चंडीगढ़ में 6 लाख 20 हजार मतदाता हैं। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए प्रशासन ने पहली बार पूरे शहर को 75 सेक्टरों में बांटा है। हर सेक्टर पर एक को-ऑर्डिनेटिंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। को-ऑर्डिनेटिंग ऑफिसर को उस सेक्टर के अन्य अधिकारी रिपोर्ट करेंगे।
फ्लाइंग स्क्वायड टीमें रहेंगी तैनात
चुनाव की सभी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर एके सिन्हा ने 9 फ्लाइंग स्क्वायड का गठन किया है। यह टीमें आदर्श आचार सहिंता के उल्लंघन पर नजर रख रही हैं। नगर निगम के एडीशनल कमिश्नर अनिल गर्ग को आदर्श आचार सहिंता को सुनिश्चित करने के लिए एंफोर्समेंट ऑफिसर लगाया गया है। प्रत्येक फ्लाइंग स्क्वायड टीम में 7 सदस्य हैं। जिसमें एक एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट, एक पोलिंग ऑफिसर सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। यह सभी टीमें औचक निरीक्षण करेंगी।