जिसे प्यार से मामा बोलती थी चार साल की मासूम, उसने नशे में की दरिंदगी Chandigarh News
सेक्टर-31 थाना एरिया में स्थित अपने मकान के बाहर मासूम खेल रही थी। इस दौरान नशे में आरोपित उसको बहलाकर कमरे में ले गया और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
जेएनएन, चंडीगढ़। जिसे प्यार से मामा बोलती थी चार वर्षीय मासूम, उसी ने शनिवार दोपहर नशा करने के बाद घर के बाहर खेलती बच्ची को बहलाकर दुष्कर्म कर डाला। पीड़ित बच्ची के बयानों के आधार पर सेक्टर-31 थाना पुलिस ने हल्लोमाजरा निवासी 19 वर्षीय युवक को पोक्सो एक्ट की धारा के तहत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित मुंहबोले मामा को जिला अदालत ने जेल भेज दिया है।
सेक्टर-31 थाना एरिया में स्थित अपने मकान के बाहर मासूम खेल रही थी। इस दौरान नशे में आरोपित उसको बहलाकर कमरे में ले गया और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित मासूम ने रोते हुए घर जाकर अपने पिता को आरोपित की करतूत बताई। जिसके बाद माता-पिता ने तुरंत शिकायत संबंधित थाना पुलिस को दी। पीड़िता के माता-पिता दिहाड़ी करते हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत मासूम बच्ची का मेडिकल करवाया आरोपित को हिरासत में ले लिया। मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद आरोपित को पुलिस ने तुरंत दबोच लिया। सूत्रों के अनुसार बच्ची ने 164 के बयान में आरोपित की करतूत रोते-रोते बयां की। आरोपित के मेडिकल में शराब की पुष्टि हुई है।
सुरक्षित नहीं हैं बच्चियां-
- इस साल मई में ही सेक्टर-26 थाना एरिया में 65 वर्षीय बुजुर्ग पड़ोसी ने घर के बाहर खेल रही छह वर्षीय मासूम को बहलाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया था।
- साल 2019 में सेक्टर-56 रहने वाली 13 वर्षीय नाबालिग से उसके सगे मामा का बेटा दुष्कर्म करने में गिरफ्तार हुआ था। नाबालिग के पेट में तेज दर्द उठने पर मेडिकल चेकअप में सामने आया कि वह तीन हफ्ते की गर्भवती है। जिसके बाद मामा के बेटे द्वारा हवस का शिकार बनाने का खुलासा हुआ और आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
- 2018 में रामदरबार रहने वाली 10 वर्षीय नाबालिग से पिता द्वारा जबरन संबंध बनाने का मामला सामने आया था। बच्ची के बयान दर्ज करने के बाद आरोपित पिता को पुलिस ने पोक्सो एक्ट की धारा के तहत गिरफ्तार कर लिया था।
- साल 2017 में सेक्टर-36 थाना एरिया में एक सौतेले पिता द्वारा मानसिक रूप से कमजोर नाबालिग बेटी से जबरन संबंध बनाने का मामला सामने आया था। जिसके बाद मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था।
- 2018 में सेक्टर-23 स्थित मकान में मां और नाबालिग बेटी के साथ रहने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने बेटी से तीन महीने से दुष्कर्म करने के मामले में गिरफ्तार किया था। नाबालिग की चाइल्ड हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद मामले का खुलासा हुआ और सेक्टर-17 थाना पुलिस के पास पहुंचा था। आरोपित पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में एक वकील के साथ फोटोस्टेट का काम करता था।
बच्चियों को इंसाफ दिलाने में आगे है चंडीगढ़ पुलिस
भारत में बच्चों से दुष्कर्म करने वाले आरोपितों को सबसे जल्द सजा दिलवाकर केस खत्म करने वाली पुलिस में चंडीगढ़ का पहला स्थान है। ताजा जारी नेशनल आंकड़ों के अनुसार एक जनवरी से 30 जून 2019 तक चंडीगढ़ पुलिस ने बच्चों से दुष्कर्म के 29 केस दर्ज किए। इतने ही समय में यूटी पुलिस ने कुल 12 केसों में आरोपितों को सजा दिलवाई। यानी केस के कुल 41 प्रतिशत मामले खत्म हो चुके हैं।
- नेशनल आंकड़ों के अनुसार पंजाब पुलिस ने एक जनवरी से 30 जून 2019 तक बच्चों से दुष्कर्म में कुल 347 एफआइआर दर्ज कर 25 केसों में कोर्ट से फैसला करवाया है। इन आंकड़ों के आधार पर पंजाब पुलिस पांचवें स्थान पर है। कुल 7 प्रतिशत मामले खत्म हो चुके हैं।
- नेशनल आंकड़ों के अनुसार हरियाणा पुलिस ने एक जनवरी से 30 जून 2019 तक बच्चों से दुष्कर्म में कुल 637 एफआइआर दर्ज कर 22 केसों में आरोपितों को सजा दिलवाई है। हरियाणा पुलिस का 12वां स्थान हैं। कुल 3 प्रतिशत मामलों में इंसाफ मिला है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें