Chandigarh Weather Update: दिन में सूरज ने दिखाया रौद्र रूप, शाम को आसमान में छाए बादल
चंडीगढ़ रेजिडेंट्स बुधवार दिन में चिलचिलाती धूप और गर्मी से बेहाल रहे। दोपहर में वे घरों में ही दुबके रहे। हालांकि शाम को आसमान में बादल छाने से लोगों को थोड़ी राहत मिली।
चंडीगढ़, जेएनएन। शहर में बुधवार दिन में लगातार तीसरे दिन भी आसमान से गर्मी बरसी। लगातार पड़ रही गर्मी से लोग परेशान दिखाई दे रहे हैं। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया है। गर्मी अधिक होने की वजह से लोग शहर के पार्कों और मार्केट में घूमते हुए भी कम ही दिखाई दे रहे हैं। हालांकि शाम को आसमान में बादल छा जाने से मौसम थोड़ा बेहतर हो गया और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार शहर में वीरवार और शुक्रवार को बारिश के आसार हैं। अगर ऐसा हुआ तो निश्चित ही लोगों को परेशान कर रही चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
वहीं, मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। चंडीगढ़ सहित हरियाणा और पंजाब में भी कल से बारिश होने के आसार हैं। हरियाणा और पंजाब में 30 मई को भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं चंडीगढ़ में वीरवार और शुक्रवार को बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान शहर का तापमान शुक्रवार तक कम होकर 35 डिग्री तक रह सकता है।
चंडीगढ़ में बुधवार दिन में सूरज ने प्रचंड रूप दिखाया। लोग गर्मी से परेशान हो गए। हालांकि शाम को आसमान में बादल छा जाने से मौसम थोड़ा बेहतर हो गया।
मंगलवार रहा सीजन में सबसे गर्मी दिन, 43.1 डिग्री रहा तापमान
चंडीगढ़ सहित हरियाणा और पंजाब इन दिनों गर्म हवाओं की चपेट में है। नौतपा का दूसरा दिन भी शहर में इतना गर्म रहा मानो आसमान से आग बरस रही हो। मंगलवार का दिन इस सीजन में अबतक का सबसे गर्म दिन रहा। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री दर्ज किया गया जोकि इस वर्ष में अबतक का सबसे अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।