आइटी पार्क में बनेगी शहर की सबसे ऊंची ईमारत, एक फ्लैट की कीमत कर देगी हैरान! Chandigarh News
सीएचबी 11 मंजिला बिल्डिंग बनाने की मंजूरी प्रशासन से मांग रहा है। मंजूरी मिलने के बाद इसका काम शुरू हो जाएगा। अभी तक चंडीगढ़ में कोई 11 मंजिला ईमारत नहीं है।
चंडीगढ़ [बलवान करिवाल]। आने वाले दिनों में अधिकारियों के लिए सरकारी आवास की कमी नहीं रहेगी। आवास भी आइटी पार्क जैसी प्राइम लोकेशन पर मिलेगा। आइटी पार्क में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के अधिकारियों को दिए जाने के लिए लग्जरी फ्लैट बनाए जाने हैं। उनकी संख्या अब पहले से कहीं ज्यादा होगी। फ्लैट के टावर अब सिक्स प्लस वन नहीं बल्कि सीधे 11 मंजिला बनाए जाएंगे। इसमें एक बेसमेंट भी होगी। सीएचबी 11 मंजिला बिल्डिंग बनाने की मंजूरी प्रशासन से मांग रहा है। मंजूरी मिलने के बाद इसका काम शुरू हो जाएगा। यह शहर की सबसे ऊंची ईमारत भी होगी। अभी तक चंडीगढ़ में कोई 11 मंजिला ईमारत नहीं है। कैपिटल कांप्लेक्स में पंजाब और हरियाणा सेक्रेटेरिएट बिल्डिंग भी 10 मंजिला है। सीएचबी की अपील पर अर्बन प्लानिंग डिपार्टमेंट मास्टर प्लान को देखते हुए इसकी मंजूरी देगा। पंजाब और हरियाणा सरकार अपने ब्यूरोक्रेट्स के लिए फ्लैट लेने पर सहमति जता चुके हैं।
पहले सात एकड़ में बनने थे 84 फ्लैट, अब हो जाएंगे डबल
पार्श्वनाथ डेवलपर्स से सीएचबी को 123 एकड़ जमीन वापस मिली थी। जिसमें से अब सात एकड़ जमीन पर ब्यूरोक्रेट्स के लिए फ्लैट बनाए जाने हैं। पहले जो प्लान सिक्स प्लस वन के हिसाब से तैयार किया गया था, उसमें कुल 84 फ्लैट बनने थे। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ का अलग-अलग टावर होता है। प्रत्येक टावर में 28 फ्लैट बन सकते थे। सीएचबी ने एक टावर पर 55 करोड़ रुपये खर्च का एस्टीमेट बनाया था, लेकिन अब प्लान 11 मंजिल के हिसाब से तैयार होगा। फ्लोर बढ़ने से फ्लैट की संख्या भी लगभग दोगुना हो जाएगी। साथ ही प्रत्येक राज्य का शेयर भी बढ़ेगा।
कोठी की बजाए फ्लैट में रहेंगे अधिकारी
अभी तक चंडीगढ़ में अधिकारी बड़ी कोठियों में ही रहते हैं। फ्लैट अधिकारियों के लिए नहीं हैं। ऐसा पहली बार होगा जब अधिकारी फ्लैट में रहेंगे। अधिकारियों को मिलने वाले इस फ्लैट में चार बेडरूम, किचन, हॉल और सर्वेंट रूम भी होगा। एक फ्लैट की संभावित कीमत 1.75 करोड़ रुपये होगी। यह फ्लैट ट्राईसिटी में इस कैटेगरी का सबसे महंगा फ्लैट होगा। अभी तक चंडीगढ़ में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के अधिकारियों, क्लास वन ऑफिसर्स, पुलिस अधिकारियों के लिए करीब 600 मकान हैं। उसके बाद भी मकान की किल्लत रहती है। कई बार अधिकारियों को मकान नहीं मिलने पर यूटी गेस्ट हाउस में रहना पड़ता है।
आइटी पार्क में सिक्स प्लस वन की बजाए 11 मंजिला बिल्डिंग बनाने का प्रस्ताव है। सीएचबी की तरफ से यह प्रस्ताव भेजा जाना है। इसके आधार पर पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए फ्लैट तैयार होंगे। इसका डिजाइन तैयार करने के लिए कंपीटिशन कराया जाएगा।
-एके सिन्हा, फाइनेंस सेक्रेटरी कम चेयरमैन सीएचबी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें