विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में बारिश के बाद गिरा 6 डिग्री पारा, ट्राईसिटी में अगले 5 दिन गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी

Published: Sun, 11 Oct 2026 06:57 PM (GMT+05:30)

चंडीगढ़ में हुई बारिश से अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे गिरकर 25.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। ...और पढ़ें

बारिश से चंडीगढ़ में 6 डिग्री गिरा पारा। फाइल फोटो

बारिश से चंडीगढ़ में 6 डिग्री गिरा पारा। फाइल फोटो

HighLights

  1. बारिश से चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस हुआ।

  2. अगले पांच दिनों तक ट्राईसिटी में हल्की बारिश की संभावना।

  3. पंजाब और हरियाणा में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शहर में रविवार को हुई बारिश से तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे गिरकर 25.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

पिछले दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान में 5.3 डिग्री की गिरावट आई। हालांकि, न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक ट्राईसिटी में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में धीरे-धीरे सुधार होने का अनुमान है, लेकिन रात का तापमान 21 से 22 डिग्री के आसपास बना रह सकता है।

शहर में 14.4 मिमी बारिश, मोहाली में सबसे ज्यादा रविवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चंडीगढ़ में 14.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। एयरपोर्ट क्षेत्र में 14 मिमी पानी बरसा। वहीं, मोहाली में 16 मिमी और पंचकूला में 13.5 मिमी बारिश हुई। मोहाली का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहा। पंचकूला में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम 21.9 डिग्री दर्ज किया गया।

चंडीगढ़ में एक अक्टूबर से अब तक कुल 22.2 मिमी बारिश हो चुकी है। हालांकि, सुबह 8:30 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार मौसमी बारिश सामान्य से 29.7 प्रतिशत कम रही। रविवार को दिन के दौरान सापेक्ष आर्द्रता 63 से 90 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई।

12 से 15 अक्टूबर तक गरज-चमक के आसार

मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार, 12 से 15 अक्टूबर तक चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 16 अक्टूबर को भी आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, जबकि 16 और 17 अक्टूबर के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। 12 अक्टूबर को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 30 और 22 डिग्री, 13 अक्टूबर को 31 और 22 डिग्री, 14 अक्टूबर को 31 और 21 डिग्री, 15 अक्टूबर को 30 और 22 डिग्री तथा 16 अक्टूबर को 29 और 22 डिग्री रहने की संभावना है।

पंजाब-हरियाणा में भी गिरा तापमान

बारिश और मौसम में बदलाव का असर पंजाब और हरियाणा में भी देखने को मिला। हरियाणा में औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन के मुकाबले तीन डिग्री गिरा और सामान्य से 5.5 डिग्री नीचे रहा। फरीदाबाद और पलवल में सबसे अधिक 32.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि अंबाला में 39 मिमी बारिश हुई।

पंजाब में औसत अधिकतम तापमान में 4.8 डिग्री की गिरावट आई और यह सामान्य से 8.6 डिग्री नीचे रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।