विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली में स्विगी इंस्टामार्ट में कर्मचारियों पर चोरी का आरोप, सात के खिलाफ केस दर्ज

Published: Thu, 10 Sep 2026 08:12 PM (IST)

स्विगी इंस्टामार्ट के जीरकपुर स्टोर में सात कर्मचारियों पर 1.55 लाख रुपये से अधिक के सामान की चोरी का आरोप ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. जीरकपुर स्विगी इंस्टामार्ट में सात कर्मचारियों पर चोरी का आरोप।

  2. कंपनी ने 1.55 लाख से अधिक के सामान की चोरी का दावा किया।

  3. सीसीटीवी फुटेज में सिगरेट चोरी करते कर्मचारी कैद हुए।


संवाद सहयोगी, जीरकपुर (मोहाली)। स्विगी इंस्टामार्ट के जीरकपुर स्थित स्टोर में कर्मचारियों द्वारा सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। कंपनी की शिकायत के आधार पर थाना जीरकपुर पुलिस ने सात कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

कंपनी ने 1,55,519 रुपये के सामान की चोरी का दावा किया है, जबकि स्टोर का आडिट जारी है, जिससे यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। कंपनी की शिकायत के अनुसार, 27 जुलाई को चार कर्मचारियों ने 160 रुपये का आर्डर दिया, लेकिन इसके तहत 2,310 रुपये का सामान पैक किया गया। आरोप है कि यह सामान स्टोर के एएसएम मुनीश खन्ना के घर पहुंचाया गया।

इसके अलावा, तीन अन्य कर्मचारियों पर 2 से 16 अगस्त के बीच स्टोर से सिगरेट चोरी करने का आरोप है। सीसीटीवी फुटेज में कर्मचारी सिगरेट की यूनिट को अंडरगारमेंट्स में छिपाकर ले जाते हुए दिखाई दिए।

15 अगस्त को कर्मचारियों की तलाशी के दौरान राजेश नामक कर्मचारी से तीन पैकेट सिगरेट बरामद हुए। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से स्टोर से सिगरेट चोरी कर रहा था और उन्हें पास के शाही पान शेक पर बेचता था।

कंपनी ने 18 अगस्त को पुलिस को शिकायत दी थी। प्रारंभिक जांच के बाद थाना प्रभारी को रिपोर्ट भेजी गई, जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।