डांस रियलिटी शो में पहले से प्लान होते हैं सरप्राइज
डांस रियलिटी शो ने कोरियोग्रार्फ्स के लिए नए दरवाजे खोले हैं।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : डांस रियलिटी शो ने कोरियोग्रार्फ्स के लिए नए दरवाजे खोले हैं। इससे छोटे शहर के कोरियोग्राफर को तो पहचान मिली ही है, साथ ही करियर के लिए भी बेहतर हुआ है। मगर रियलिटी शो में जो आप पेरेंट्स की स्पेशल एंट्री देखते हैं, ये प्लांड होती है। शो में एकदम से किसी की एंट्री नहीं हो सकती। हालांकि कई बार जजेज के आंसू असल में होते हैं। रियलिटी शो के कोरियोग्राफर रह चुके अमित मेथो ने कुछ इन्हीं शब्दों में शो पर बात की। वीरवार को प्रेस क्लब-27 में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उनके साथ कोरियोग्राफर दीपेश सेखरी भी शामिल हुए। पंजाब यूनिवर्सिटी में जल्द ही दीपेश वर्कशॉप का आयोजन करेंगे। जिसमें दो दिन प्रसिद्ध कोरियोग्राफर मेल्विन लूइस स्टूडेंट्स को डांस के टिप्स देंगे। ये वर्कशॉप 9-10 फरवरी को पंजाब यूनिवर्सिटी के जिमनेजियम हॉल में आयोजित होगी। अमित ने कहा कि उनकी शुरुआत रियलिटी शो में हिस्सा लेने से हुए। वर्ष 2012 में उन्होंने डांस इंडिया डांस में हिस्सा लिया, तो वह टॉप 40 तक पहुंचे। इस दौरान उन पर कोरियोग्राफर राजेश श्रुति की नजर पड़ी। तो उन्हें उन्होंने अपनी टीम में रख लिया। और इसके बाद अमित ने कई फिल्म और शो में कोरियोग्राफी की। एक गाना तैयार करने के लिए 10-12 हुक स्टेप्स तैयार करने होते हैं
अमित ने कहा कि बॉलीवुड में गाना तैयार करने के लिए, आपको 10-12 हुक स्टेप्स तैयार करने होते हैं। ये नए होने चाहिए। जैसे सलमान खान के हर गीत में हुक स्टेप्स अलग होते हैं। इसके बाद आप डांस की कोई भी शैली इसमें जोड़ सकते हैं। अमित ने बताया कि एक कामयाब कोरियोग्राफर बनने के लिए आपको 7-8 डांस स्टाइल आने चाहिए। ट्रेंड के अनुसार किसी भी स्टाइल की जरूरत हो सकती है। हालांकि मुंबई में रहना मुश्किल है, मगर अगर आप अपने डांस में माहिर हैं, तो आपके लिए बहुत काम है।