सिंगला की अंतिम यात्रा में पहुंचे मनमोहन, पंजाब से नहीं गया कोई मंत्री
-पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री सुरिंदर सिंगला का दिल्ली में अंतिम संस्कार --- राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़: प
-पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री सुरिंदर सिंगला का दिल्ली में अंतिम संस्कार
---
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़: पंजाब के पूर्व वित्तमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरिंदर सिंगला का शुक्रवार को दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनका वीरवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उनके निधन पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से लेकर कैबिनेट मंत्रियों ने दुख तो व्यक्त किया, लेकिन कोई मंत्री या बड़ा नेता उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होने दिल्ली नहीं गया। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह सिंगला की अंतिम यात्रा में शामिल हुए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं, सिंगला के निधन को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने काग्रेस पार्टी के अलावा निजी नुकसान बताया था। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा के सम्मान में शुक्रवार को राज्य के सभी कार्यालयों में छुट्टी का एलान किया था। वीरवार को करीब जयंती की छुंट्टी होने के कारण शुक्रवार को छुट्टी की गई। कैप्टन ने कहा था कि वित्त मंत्री के तौर पर राज्य की अर्थव्यवस्था को स्थिर करने में सिंगला ने विलक्षण योगदान दिया।
वित्तमंत्री मनप्रीत बादल ने कहा था कि 'उनके साथ मेरी साझ कोई दो दशक पुरानी थी। सुरिंदर सिंगला और उनके परिवार का मैं हमेशा शुक्रगुजार रहूंगा, जिन्होंने बठिंडा से चुनाव लड़ते समय मेरा दिल से समर्थन किया था।'
स्वास्थ्य मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा और खेल मंत्री राणा गुरमीत सोढ़ी ने भी शोक व्यक्त किया था, जबकि पीडब्ल्यूडी मंत्री विजय इंदर सिंगला के पूर्व वित्त मंत्री के निधन को निजी घाटा बताते हुए उन्हें गहरा मित्र बताया था। अहम बात यह रही कि सुरिंदर सिंगला की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए पंजाब कैबिनेट का एक भी मंत्री दिल्ली नहीं पहुंचा। सरकारी अवकाश होने के कारण अधिकतर मंत्री अपने हलके में थे।