इस्तीफे के बयान पर गिरगिट की तरह रंग बदल रहे सुखबीर: सिद्धू
नवजोत सिंह सिद्धू ने एक बार फिर शिअद प्रधान सुखबीर सिंह पर जाेरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि सुखबीर प्रधान पद से इस्तीफा देेने के अपने बयान पर गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं।
जेएनएन, चंडीगढ़। पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल पर एक बार फिर जमकर हमले किए। उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल झूठ बोलने के आदी हो चुके हैं। सुखबीर श्ािअद के प्रधान के पद से इस्तीफा देने के अपने बयान पर गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं।
सिद्धू ने कहा कि सुखबीर अपने पद से इस्तीफा देने की बात करके मुकर गए हैं। हालांकि, उन्होंने श्री दरबार साहिब में कहा था कि वह पार्टी के कहने पर इस्तीफा दे देंगे। सिद्धू ने सवाल किया कि क्या टकसाली नेता रंजीत सिंह ब्रहमपुरा, रतन सिंह अजनाला, सुखदेव सिंह ढींडसा, सेवा सिंह सेखवां और बीबी किरणजीत कौर शिरोमणि अकाली दल का हिस्सा नहीं हैं।
सिद्धू ने कहा कि क्या सुखबीर बादल सिर्फ अपने परिवार को ही समूची पार्टी समझते हैं। सिद्धू ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल के प्रधान गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं। सिद्धू ने कहा कि इन टकसाली नेताओं ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष के तानाशाही रवैये के खिलाफ आवाज बुलंद की है और बादल परिवार को दीवार पर लिखा यह सच पढ़ लेना चाहिए।
बादल परिवार को आड़े हाथ लेते हुए सिद्धू ने कहा कि इस परिवार ने शताब्दी पुरानी पार्टी को प्राइवेट लि कंपनी बनाकर रख दिया है। उन्होंने कहा कि प्रकाश सिंह बादल पुत्र मोह में पड़ कर धृतराष्ट्र की तरह व्यवहार करने लगे हैं। बादल परिवार ने सत्ता में होते हुए अपने होटल बनाए और पंजाब को लूटा।
सिद्धू ने कहा कि शिअद में लोकतंत्र नाम की कोई चीज नहीं है। क्योंकि सत्ता सिर्फ बादल परिवार तक ही सिमट कर रह गई है। उन्होंने सवाल किया कि अनुभवी नेताओं के होते हुए 2014 में हरसिमरत बादल को ही केंद्रीय कैबिनेट में जगह दिलाई।