सुब्रह्मण्यम स्वामी ने करतारपुर कॉरीडोर को बताया खतरनाक, कहा- हो सकता है दुरुपयोग
भाजपा सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी ने करतारपुर कॉरीडोर को देश के लिए खतरनाक बताया। कहा यहां यदि हमेशा सही तरीके से जांच नहीं की गई तो इसका दुरुपयोग किया जा सकता है।
जेएनएन, चंडीगढ़। पंजाब में एक तरफ करतारपुर कॉरीडोर बनाने का श्रेय लेने के लिए सियासी घमासान छिड़ा है वहीं दूसरी ओर भाजपा सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी ने इस कॉरीडोर को देश के लिए खतरनाक बताया है। उन्होंने कहा कि यहां यदि हमेशा सही तरीके से जांच नहीं की गई तो इसका दुरुपयोग किया जा सकता है।
स्वामी ने कहा कि सिर्फ पासपोर्ट दिखाना ही काफी नहीं है। एेसे पासपोर्ट चांदनी चौक में 250 रुपये में बनाए जा सकते हैं। यहां आने के लिए छह माह पहले रजिस्ट्रेशन होना चाहिए। पाकिस्तानियों को आने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए।
बता दें, उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू ने आज ही करतारपुर कॉरीडोर का नींवपत्थर रखा है। इस दौरान नायडू व कैप्टन ने कॉरीडोर पर सहमति के लिए पाकिस्तान का आभार जताया। इसके साथ ही पाकिस्तान को नसीहत दी कि वह अपने यहां से भारत में आतंकवाद फैलाना बंद करे।
श्री करतापुर साहिब गुरुद्वारा पाकिस्तान में स्थित है। इस गुरुद्वारे की नींव श्री गुरु नानक देव जी ने रखी थी। उन्होंने यहां से लंगर प्रथा की शुरुआत की थी। यह स्थल पाकिस्तान में भारतीय सीमा से करीब चार किलोमीटर दूर है और अभी पंजाब के गुरदासपुर में डेरा बाबा नानक बॉर्डर आउटपोस्ट से दूरबीन से भारतीय श्रद्धालु इस गुरुद्वारे का दर्शन करते हैैं। दोनों देश भारत व पाकिस्तान ने यहां कॉरीडोर निर्माण का फैसला लिया है। भारत में इसका नींवपत्थर आज रखा गया, जबकि पाकिस्तान में 28 को को रखा जाएगा।