दिवाली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस कर्मचारियों की छुटि्टयां रद Chandigarh News
दिवाली के मौके पर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। रेलवे स्टेशन बस स्टैंड सहित होटल तथा सार्वजनिक स्थानों व मुख्य बाजारों में सुरक्षा को लेकर विशेष बंदोबस्त किए जाएंगे।
मोहाली, जेएनएन। दीपोत्सव पर्व पर शहर की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। इस बार शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित होटल तथा सार्वजनिक स्थानों व मुख्य बाजारों में सुरक्षा को लेकर विशेष बंदोबस्त किए जाएंगे। इसके लिए पुलिस मुख्यालय से नए निर्देश मिले हैं। दीपावली से पूर्व शहर में गश्त तेज करने के साथ ही संदिग्धों पर नजर रखना शुरू कर दिया गया है। दीपावली को देखते हुए पैरा मिलिट्री फोर्स की भी मदद ली जाएगी।
इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस जाप्ता मंगवाया जा रहा है, जो धनतेरस को मोहाली पहुंचेगा। वहीं मुख्यालय ने दीपावली तक सभी पुलिसकर्मियों के अवकाश निरस्त कर दिए हैं। एसएसपी मोहाली कुलदीप सिंह चहल ने बताया कि दीपावली को देखते हुए सुरक्षा बंदोबस्त कड़े रखने के आदेश दिए गए हैं। आदेशों के तहत सार्वजनिक स्थानों सहित प्रमुख भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में सादावर्दी में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। हर घटना से निपटने के लिए थाने में भी जाप्ता तैनात रहेगा।
पुलिस ने होटल व पीजी संचालकों को दिए निर्देश पीजी व होटल संचालकों को भी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति के आने की सूचना तथा उनकी आइडी लेने के लिए पाबंद किया है। वहीं दीपावली से पूर्व मुख्य बाजारों में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध रखने तथा ज्वलनशील वस्तु नहीं बेचने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि इस बंदोबस्त में शहर के काउंसलर व लोगों की भी मदद ली जाएगी और लोगों से भी निवेदन किया गया है कि वह शांति व्यवस्था बनाने में पुलिस व प्रशासन की मदद करें। उन्होंने बताया कि शहर में लगने वाली पटाखों की दुकानों के लिए भी लाइसेंस व जगह निर्धारित की गई है। बिना लाइसेंस के पटाखे बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए संबंधित अफसरों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें