Asian Champions Trophy: दक्षिण कोरियाई हॉकी टीम पहुंची मोहाली, एयरपोर्ट पर ढोल-भंगड़े से स्वागत
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 में हिस्सा लेने दक्षिण कोरिया की पुरुष हॉकी टीम मोहाली पहुंची, जहां शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई ...और पढ़ें

दक्षिण कोरिया की पुरुष हॉकी टीम का एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत।
HighLights
दक्षिण कोरियाई हॉकी टीम का मोहाली एयरपोर्ट पर स्वागत।
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक।
जालंधर और मोहाली में होंगे रोमांचक हॉकी मुकाबले।
जागरण संवाददाता, मोहाली। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 में हिस्सा लेने पंजाब पहुंची दक्षिण कोरिया की पुरुष हॉकी टीम का रविवार को मोहाली स्थित शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पंजाबी अंदाज में स्वागत किया गया।
खिलाड़ियों के स्वागत में ढोल बजाए गए और स्थानीय कलाकारों ने भंगड़े की प्रस्तुति दी। रंग-बिरंगी फुलकारियां भेंट कर खिलाड़ियों को पंजाब की सांस्कृतिक विरासत और मेहमाननवाजी की झलक भी दिखाई गई। इसके साथ ही टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी छह टीमें पंजाब पहुंच चुकी हैं।
27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक होने वाली चैंपियनशिप के मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम और मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में एशिया की शीर्ष टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी।
कौन-कौन हैं टीम में
दक्षिण कोरियाई दल 20 सदस्यीय टीम के साथ पहुंचा है। टीम में गोलकीपर किम जैह्योंग और सोन तायमिन के अलावा पार्क गियोनवू, जियोंग जंसीयोंग, गो सोंग हून, किम जैहो, सोन डेन, किम योंग बोक, चुन सेमिन, सोंग जियोंगसियोब, यू ह्योगुक, कोंग यूनहो, ओम जूनयोंग, क्वोन येचन, सोंग हायसोंग, बे सोंग मिन, हान सांगजुन, किम डेह्यून, चोई गाजिन और किम डोंगगियॉन शामिल हैं।
रोमांचक मुकाबलों का इंतजार
पंजाब सरकार की ओर से टीमों के आवास, परिवहन, सुरक्षा और अभ्यास के लिए प्रबंध किए गए हैं। अब सभी टीमों के पहुंचने के बाद खेल प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के रोमांचक मुकाबलों का इंतजार है। मोहाली और जालंधर में होने वाली चैंपियनशिप से पंजाब की हॉकी परंपरा और खेल मेजबानी को भी पहचान मिलेगी।
