पंजाब BJP वर्चुअल रैली: कृषि मंत्री तोमर बोले- एमएसपी खत्म करने की सरकार की कोई मंशा नहीं
पंजाब भाजपा की वर्चुअल रैली में कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा कि फसलों की एमएसपी खत्म करने की सरकार की कोई मंशा नहीं है।
चंडीगढ़ [इंद्रप्रीत सिंह]। केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित पंजाब भाजपा की वर्चुअल रैली हुई। रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उनका लक्ष्य किसानों की आमदनी को दोगुना करना है। तोमर ने स्पष्ट किया कि फसलों की एमएसपी खत्म करने की सरकार की कोई मंशा नहीं है। निजी क्षेत्र का व्यवसायी किसानों से फसल का मूल्य तय करके कॉन्ट्रेक्ट कर सकेगा।
कृषि मंत्री ने कहा कि निजी निवेश को बढ़ाने के लिए किसानों को अपनी फसल के रेट तय करने का अधिकार दिया गया है। किसान अंतरराज्यीय ट्रेड नहीं कर सकता था। उन्होंने इन ऑर्डिनेंस को मोदी सरकार का बड़ा रिफॉर्म बताया। उन्होंने कहा कि मंडियों के बाहर अपनी फसल पर बेचने पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। किसानों की आमदनी बढ़ेगी।
तोमर ने कहा कि सीएए लाकर मोदी सरकार ने अल्पसंख्यकों को बड़ी राहत दी है। तीन तलाक का बिल लाकर मुस्लिम महिलाओं को राहत मिली है। केंद्र सरकार ने वन रैंक वन पेंशन को लागू करने के साथ-साथ सेना की पुरानी मांग चीफ अॉफ डिफेंस बनाया।
रैली से केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश, पंजाब भाजपा प्रभारी प्रभात झा, प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा, सांसद सन्नी देयोल भी जुड़े। इससे पूर्व रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय उद्योग राज्य मंत्री सोम प्रकाश ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को हरसंभव मदद दे रही है। कहा कि विपक्ष भ्रम फैला रहा है कि एमएसपी खत्म की जा रही है, जबकि ऐसा नहीं है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर इसे स्पष्ट कर चुके हैंं।
सोमप्रकाश ने कहा कि पंजाब सरकार के झूठ को पार्टी नेता लोगों को सामने रखें। केंद्र सरकार ने किसानों की आय दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सरकार काम कर रही है, जबकि पंजाब सरकार लोगों से धोखा कर रही है। सोमप्रकाश ने कहा कि करतारपुर का कॉरिडोर बनवाकर पीएम मोदी ने 70 सालों की इच्छा पूरी की।
सोमप्रकाश ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि तीन तलाक, जम्मू-कश्मीर के अनुच्छेद 370, रामजन्म भूमि मामले व सीएए पर केंद्र सरकार ने उल्लेखनीय फैसले लिए। कोरोना काल में पंजाब का हर भाजपा कार्यकर्ता लोगों की मदद में जुटा रहा।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने कहा कि 3000 स्थानों पर यह रैली की जा रही है। फ़ेसबुक समेत कई सोशल मीडिया के माध्यम से यह रैली की जा रहीं है। उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ जंग में पंजाब सरकार विफल रही। गरीबों तक मोदी सरकार ने राशन भेजा, लेकिन पंजाब सरकार ने इसे नहीं बांटा। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा कार्यकर्ता मोर्चा नहीं संभालते तो स्थिति विकराल हो जाती। कोरोना को कैप्टन अमरिंदर सरकार ने अवसर के रूप लिया। उनके विधायकों ने 5600 करोड़ रुपये का घोटाला किया।