चंडीगढ़ के पार्क अब सोलर लाइट से होंगे रोशन, जापानी गार्डन से होगी शुरुआत, निगम के बचेंगे लाखों रुपये
सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ के पार्क सोलर लाइट्स से जगमगाएंगे। पार्कों में आपको एनर्जी एफिशिएंट लाइटें देखने को मिलेंगी। इससे नगर निगम को कई फायदे होंगे। यह लाइट पहले से लगी लाइटों से आकर्षक भी होंगी और रोशनी भी बेहतर होगी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ के पार्कों में अब आपको एनर्जी एफिशिएंट लाइटें देखने को मिलेंगी। इससे नगर निगम को कई फायदे होंगे। यह लाइट पहले से लगी लाइटों से आकर्षक भी होंगी और रोशनी भी बेहतर होगी। साथ ही बिजली अलग से बचेगी। नगर निगम का पार्क की लाइटों से आने वाला बिजली का बिल कम होगा। नगर निगम को वित्तीय लाभ भी होगा।
इसके लिए नगर निगम ने जापानी गार्डन से अनोखी शुरुआत करने की योजना तैयार की है। सेक्टर-31 स्थित जापानी गार्डन अब पूरी तरह से सोलर से जेनरेट होने वाली लाइटों से रोशन होगा। जापानी गार्डन में 6.35 लाख रुपये से यह सोलर लाइट लगाई जाएंगी। अभी यह पायलट प्रोजेक्ट होगा। अगर यह सफल रहता है तो शहर के दूसरे पार्कों में भी ऐसे ही सोलर लाइट लगाई जाएंगी। इससे नगर निगम को सालाना लाखों रुपये बचेंगे।
नगर निगम की फाइनेंस एंड कांट्रैक्ट कमेटी ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। अब इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। अब पूरे चंडीगढ़ में सोलर एनर्जी जेनरेट करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए सभी गवर्नमेंट और प्राइवेट ऑफिस अपने प्रिमाइसिस की छत पर सोलर पावर प्रोजेक्ट लगा रहे हैं। चंडीगढ़ प्रशासन ने 500 गज या इससे अधिक एरिया की बिल्डिंग पर सोलर पावर प्रोजेक्ट लगाना अनिवार्य कर रखा है। लेकिन अभी भी तीन हजार से अधिक कोठियां ऐसी हैं जिन पर यह प्रोजेक्ट नहीं लग सकता है। जिन्होंने पावर प्रोजेक्ट नहीं लगाया है अब उन्हें एस्टेट आफिस बिल्डिंग बायलाज के तहत वायलेशन के नोटिस भेजने की तैयारी कर रहा है। इन सभी बातों को देखते हुए अब प्रशासन का हर डिपार्टमेंट रिन्यूअल एनर्जी पर फोकस कर रहा है। सोलर पावर जेनरेशन पर सबसे ज्यादा जोर दिया जा रहा है।