'जज की बेटी ने बुलाया और बेटे की मौत की खबर आई...', चंडीगढ़ के सिप्पी सिद्धू हत्याकांड में मां की CBI कोर्ट में गवाही
सिप्पी सिद्धू हत्याकांड में उनकी मां ने सीबीआई कोर्ट में गवाही दी, जिसमें उन्होंने जज की बेटी कल्याणी सिंह पर ...और पढ़ें

सिप्पी सिद्धू हत्याकांड में कल्याणी सिंह के खिलाफ चल रहा मुकदमा।
HighLights
कल्याणी सिंह पर हत्या करवाने का आरोप लगाया।
फोन आने पर सिप्पी कल्याणी से मिलने गया था।
हाईकोर्ट के एडवोकेट व नेशनल शूटर की हुई थी हत्या।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। 11 साल पुराने शहर के चर्चित सिप्पी सिद्धू हत्याकांड में बुधवार को सिप्पी की मां दीपिंदर कौर की गवाही हुई। रोते-राेते पीड़ित मां ने जज की बेटी कल्याणी सिंह के खिलाफ सीबीआई कोर्ट में खुलकर गवाही दी। वह सीबीआई को दिए अपने पुराने बयानों पर कायम रही हैं। अब कल्याणी के वकील उनका क्राॅस एग्जामिनेशन करेंगे।
दीपिंदर कौर ने अपनी गवाही में कहा कि 20 सितंबर 2015 की शाम करीब साढ़े सात बजे सिप्पी घर से यह कहकर निकला था कि उसे कल्याणी का फोन आया है। वह उसे सेक्टर-27 के पार्क में मिलने के लिए बुला रही है।
दीपिंदर कौर ने कहा कि देर रात जब वह घर नहीं लौटा तो उन्होंने उसे फोन किया, लेकिन आगे से किसी महिला पुलिसकर्मी ने फोन उठाया और बोला कि सिप्पी की हत्या कर दी गई है।
दीपिंदर कौर ने कहा कि कल्याणी का परिवार उसकी शादी सिप्पी से करवाना चाहता था, लेकिन उन्होंने रिश्ता ठुकरा दिया था। यहां तक कि कल्याणी के पिता ने अपनी पगड़ी भी उनके पैरों में रख दी थी।
दीपिंदर कौर ने कहा कि सिप्पी का अपनी किसी महिला मित्र से बात करना कल्याणी को बिल्कुल पसंद नहीं था। उधर, सिप्पी उससे शादी करने को तैयार नहीं था। इसलिए बदले की भावना में कल्याणी ने शूटर भेजकर सिप्पी की हत्या करवा दी।
20 सितंबर 2015 को हुई थी हत्या
20 सितंबर 2015 को सेक्टर-27 के पार्क में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट व नेशनल शूटर सुखमनप्रीत सिंह उर्फ सिप्पी सिद्धू की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले की सीबीआई ने कई साल तक जांच की जिसके बाद 2022 को सीबीआई ने सिप्पी की दोस्त और रिटायर्ड हाईकोर्ट जज की बेटी कल्याणी सिंह को गिरफ्तार किया था।
सीबीआई का आरोप है कि कल्याणी ने ही बदला लेने की नीयत से सिप्पी की गोलियां मारकर हत्या की थी। हालांकि गिरफ्तारी के तीन महीने बाद ही कल्याणी को जमानत भी मिल गई थी।
