शाह ने शहर से चुनाव लड़ने वाले चौकीदार पर लगाई मुहर, आज होगी घोषणा
भाजपा पहले से ही उम्मीदवार की घोषणा करने में देरी कर चुकी है।
राजेश ढल्ल, चंडीगढ़ : कांग्रेस और आप के मुकाबले में भाजपा पहले से ही उम्मीदवार की घोषणा करने में देरी कर चुकी है। जबकि हरियाणा की दो सीटों के लिए हाईकमान ने रविवार को घोषणा कर दी है। जबकि पंजाब सहित चंडीगढ़ की सीटों के लिए उम्मीदवार की घोषणा सोमवार को होने की पूरी संभावना है। रविवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने चंडीगढ़ सहित पंजाब की सीटों के लिए अपनी सहमति दे दी है। चंडीगढ़ में उम्मीदवार की घोषणा के बाद गुटबाजी का क्या हाल रहेगा, उस पर पार्टी हाईकमान मंथन में जुट गया है। पार्टी प्रभारी प्रभात झा को नाराज दावेदारों को मनाने की जिम्मेदारी दी गई है। शहर से भाजपा टिकट के लिए सांसद किरण खेर, भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन और पूर्व सांसद सत्यपाल जैन दावेदार हैं। सत्यपाल जैन पिछले चार दिन से दिल्ली में ही हैं। जबकि टंडन और खेर दोनों चंडीगढ़ में हैं। यह दोनों नेता टिकट के लिए हाईकमान में अपने सीनियर नेताओं से लॉबिग करवा रहे हैं। 22 अप्रैल से नामांकन शुरू हो जाएगा। पिछली बार खेर को दिखाए गए थे काले झंडे
पंजाब और चंडीगढ़ के संगठन मंत्री दिनेश कुमार इस समय रोहतक में हैं, उन्हें भी चंडीगढ़ पहुंचने के लिए कह दिया गया है, ताकि जब सोमवार को टिकट की घोषणा की जाए, तो वह बवाल होने पर स्थिति पर काबू पा सके। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में हुए बवाल को भाजपा दोहराना नहीं चाहती है। मालूम हो कि धवन और टंडन की गुटबाजी के कारण जब पार्टी ने किरण खेर को यहां से उम्मीदवार बनाकर भेजा था, तो बवाल हो गया था। खेर को काले झंडे तक दिखाए गए थे। इस समय संजय टंडन और किरण खेर दोनों ही अपनी-अपनी टिकट को पक्का मानकर चल रहे हैं। टिकट की घोषणा के साथ ही चुनावी जंग हो जाएगी तेज
भाजपा की टिकट घोषणा के साथ ही चुनावी जंग पूरी तरह से तेज हो जाएगी। हर दल जीत के लिए हर तरह के पैंतरे अपनाएगा। अभी तक कांग्रेस और आप चुनाव प्रचार कर रही है, लेकिन भाजपा के उम्मीदवार के मैदान में आने से तस्वीर साफ हो जाएगी और जमकर आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति शुरू होगी। आप और कांग्रेस खेर को मान रही है उम्मीदवार
जबकि आप और कांग्रेस दोनों ही दल के नेता भाजपा से सांसद किरण खेर को ही उम्मीदवार मानकर चल रहे हैं। इन दलों को लगता है कि उनका मुकाबला खेर के साथ ही होगा। ये दोनों दल भी भाजपा की घोषणा पर नजर लगाए हुए है, ताकि उम्मीदवार तय होने के बाद वे अपना प्रचार भी उस हिसाब से करें। आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चा
रविवार को शहर में आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चा रही। दोनों ही दल के नेता यह मान रहे थे कि गठबंधन होने पर उनका उम्मीदवार मैदान में डटा रहेगा। कांग्रेस से शहर में पवन बंसल और आप से हरमोहन धवन उम्मीदवार हैं। यह दोनों जोरशोर से प्रचार में जुटे हुए हैं।