कोठी में खेल रहे थे जुआ, पुलिस की रेड में पूर्व ट्रैफिक मार्शल सहित सात गिरफ्तार
चंडीगढ़ सेक्टर-21 स्थित कोठी में जुआ खेलते एक पूर्व ट्रैफिक मार्शल सहित सात लोगों को यूटी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
चंडीगढ़, [कुलदीप शुक्ला]। चंडीगढ़ सेक्टर-21 स्थित कोठी में जुआ खेलते एक पूर्व ट्रैफिक मार्शल सहित सात लोगों को यूटी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से 60 हजार कैश भी बरामद कर जब्त कर लिया है। एसएसपी नीलांबरी विजय जगदाले के अादेश पर पुलिस टीम गुपचुप तरीके से लगातार जुआरियों पर रेड कर रही है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने मनीमाजरा निवासी पूर्व मार्शल गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपित गुरप्रीत सिंह सेक्टर-21 स्थित कोठी में फाइनेंस और किताबें बेचने का काम करता है। हालांकि, वह चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस में ट्रैफिक मार्शल भी रह चुके हैं। इसके अलावा गिरफ्तार सभी छह आरोपितों का अपना-अपना बिजनेस है।
शिवालिक व्यू में पकड़े गए थे 15 जुआरी
इससे पहले होटल शिवालिक व्यू में एसएसपी के नेतृत्व में जुआरियों पर छापामारी की गई थी। इस दौरान शहर के कई बिजनेसमैन सहित 15 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लाखों रुपये कैश बरामद किए थे। इस दौरान एसएसपी के नेतृत्व में डीएसपी और तीन इंस्पेक्टर टीम में शामिल थे। जबकि, संबंधित थाना प्रभारी को रेड की सूचना नही दी गई थी।
जुआ खेलने वालों के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई: एसएसपी
एसएसपी नीलांबरी विजय जगदाले ने कहा कि शहर में जुआरी अलग-अलग तरीके से सक्रिय हो गए है। इस तरह की रेड भविष्य में लगातार जारी रहेगी।