यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा वडि़ंग को सचिवालय में सुरक्षाकर्मियों ने मारे धक्के
पंजाब सचिवालय में युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व विधायक अमरिंदर सिंह राजा वडिंग का सुरक्षाकर्मियों ने धक्के मारे। वह एक मंत्री के कक्ष में जा रहे थे।
जेएनएन, चंडीगढ़। पंजाब सचिवालय में सुरक्षा कर्मियों ने ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष व गिद्दड़बाहा हलके से कांग्रेस विधायक अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग को धक्के मारे। सुरक्षाकर्मियों ने राजा वडिंग को पदभार ग्रहण करने आए मंत्री के कमरे में जाने से रोक दिया। धक्के मारने पर वडि़ंग ने सुरक्षाकर्मी से नाराजगी भी जताई, लेकिन सुरक्षाकर्मी नहीं माने।
घटना मंगलवार सुबह 11 बजे के करीब की है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पशुपालन मंत्री बलबीर सिद्धू को उनके दफ्तर में कुर्सी पर बैठाने के लिए पहुंचे थे। दफ्तर के अंदर पहले से ही काफी लोग मौजूद थे। इस बीच राजा वडि़ंग भी अंदर जाने लगे तो सुरक्षाकर्मी ने उन्हें रोक दिया। वह नहीं रुके और दरवाजा खोलकर अंदर जाने लगे। इस पर सुरक्षाकर्मी ने उन्हें धक्के मारकर जाने से रोक दिया।
बाद में सुरक्षा कर्मी की ओर से दोबारा कोई प्रतिक्रिया नहीं देने से मामला शांत हो गया और वडि़ंग दफ्तर के अंदर चले गए। कुछ दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष व गुरदासपुर से सांसद सुनील जाखड़ को भी सचिवालय में दुव्र्यवहार का सामाना करना पड़ा था। वे नाराज होकर सचिवालय से चले गए थे।
कांग्रेस ने पिछड़ी जाति के विधायकों को नजरअंदाज किया : शिअद
शिरोमणि अकाली दल के बीसी (पिछड़ी जाति) विंग के प्रधान व पूर्व मंत्री हीरा सिंह गाबडिय़ा ने कहा है कि कांग्रेस ने मंत्रिमंडल विस्तार में पिछड़ी जातियों के विधायकों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि पिछड़ी जाति के एक भी विधायक को मंत्री न बनाकर कांग्रेस ने सिद्ध कर दिया है कि कांग्रेस की सोच पिछड़ी जातियों के लिए क्या है।
उन्होंने कहा है कि पंजाब में 27 फीसदी पिछड़ी जातियों के लोग रहते हैं। पंजाब में इनका 36 फीसदी वोट शेयर है। कांग्रेस में मौजूदा समय में पिछड़ी जातियों के 11 विधायक हैं। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद यह सभी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ कुछ विधायकों ने इस्तीफे देकर अपनी नाराजगी भी जता दी है। इसके बाद भी कांग्रेस के कानों में जूं नहीं रेंग रही है।