पंजाब, एजेंसी: 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए तलाशी जारी है। हालांकि अमृतपाल इस समय फरार है। राज्‍य भर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जलांधर-मोगा रोड़ पर पुलिस ने नाकाबंदी कर दी गई है।

अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह कहा कि हमारे पास अमृतपाल सिंह के बारे में सही जानकारी नहीं है, पुलिस ने हमारे घर पर 3-4 घंटे तक तलाशी ली। उन्हें कुछ भी अवैध नहीं मिला है। जब वह घर से निकले तो पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करना चाहिए था।

रविवार सुबह तक उसे किया जा सकता है गिरफ्तार

देर रात्रि तक पुलिस ने जालंधर से लगभग 33 किलोमीटर दूर सरींह गांव में अमृतपाल की घेराबंदी कर दी है। सूत्रों के अनुसार पुलिस द्वारा पीछा करने पर अमृतपाल अपनी गाड़ी छोड़ आटो से गांव सरींह पहुंचा। रविवार सुबह तक उसे गिरफ्तार किया जा सकता है। अजनाला थाने पर हमले के मामले में पुलिस ने 24 फरवरी को अमृतपाल सहित ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद यह कार्रवाई की है।

अमृतपाल के साथियों के पास से मिले हथियार

अजनाला थाने पर हमले के आरोपित खालिस्तान समर्थक एवं अलगाववादी अमृतपाल सिंह और उसके साथियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा आपरेशन चलाया है। पुलिस ने उसके 13 साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें सात को जालंधर एवं छह को अमृतसर से पकड़ा गया है। जालंधर में अलग-अलग जगह से पकड़े गए आरोपितों से 315 बोर की एक राइफल, 12 बोर की सात बंदूकें, एक रिवाल्वर और 373 कारतूस बरामद किए गए हैं।

Edited By: Himani Sharma