खुले में शौच मुक्त सिटी की खुल रही पोल
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : चंडीगढ़ नगर निगम के शौच मुक्त सिटी के तमाम दावों की पोल शहर
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : चंडीगढ़ नगर निगम के शौच मुक्त सिटी के तमाम दावों की पोल शहर के हार्ट कहे जाने वाले सेक्टर-17 में ही खुल रही है। यहां पर सार्वजनिक शौचालय बंद पड़े हैं, जिसके चलते खासकर महिलाओं को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही हैं। मजबूरन लोग यहां पर खुले में ही शौच करने को मजबूर हैं।
सेक्टर-17 न्यू ओवर ब्रिज के दोनों तरफ दो-दो सार्वजनिक शौचालय हैं। इनमें से एक तरफ के दो शौचालय तो हमेशा ही बंद रहते हैं, जबकि दूसरी तरफ के दो शौचालय भी हफ्ते में ज्यादातर दिन बंद रहते हैं। इस ब्रिज के साथ ही एक मल्टीप्लेक्स और मार्केट भी है। रविवार को तो हमेशा ही यह शौचालय बंद रहते हैं, जबकि छुट्टी का दिन होने के चलते यहां पर अकसर लोगों का आना-जाना रहता है। शौचालय के पास ही एक खाली जगह है, जहां पर लोग खुले में ही शौच करने को मजबूर हैं, जिस वजह से यहां के दुकानदार दुखी हैं। दुकानदारों का कहना है कि यहां से हमेशा ही बदबू आती रहती हैं। सेक्टर-17 ट्रेडर्स वैलफेयर एसोसिएशन के प्रधान कमलजीत सिंह पंछी ने कहा कि निगम इस एरिया को पूरी तरह से नजरअंदाज कर रहा है। वह कई बार निगम अधिकारियों को इन शौचालयों की हालत के बारे में बता चुके हैं, लेकिन निगम इसकी तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि अगर सेक्टर-17 का ही यह हाल है तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि अन्य सेक्टरों का क्या हाल होगा।
अधिकारियों को देंगे सख्त निर्देश : सीनियर डिप्टी मेयर
पहले भी यह शौचालय बंद पड़े थे और अधिकारियों को निर्देश देकर इन्हें खुलवाया गया था। दोबारा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए जाएंगे कि यह शौचालय बंद नहीं होने चाहिए।
-राजेश कुमार गुप्ता, सीनियर डिप्टी मेयर, नगर निगम चंडीगढ़।