चंडीगढ़ की पॉश सेक्टर-17 मार्केट बनेगी वेंडर फ्री जोन, ये तैयारियां कर रहा यूटी प्रशासन
देश-दुनिया में मशहूर चंडीगढ़ के सेक्टर १७ बाजार से अगले साल से स्ट्रीट वेंडरों को हटा दिया जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
राजेश ढल्ल ,चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल का हार्ट सेक्टर-17 प्लाजा नए साल में वेंडर फ्री हो जाएगा क्योंकि प्रशासन ने स्ट्रीट वेंडर एक्ट के लिए बायलाज की ड्राफ्ट अधिसूचना जारी कर दी है। इसमें प्रशासन ने शहरवासियों को 10 दिसंबर का समय आपत्तियां और सुझाव दर्ज करवाने के लिए दिया है।
बता दें कि प्रशासन ने सेक्टर-17 को नो वेंडिंग जोन बनाने का फैसला लिया हुआ है लेकिन अभी यहां से वेंडरों को शिफ्ट नहीं किया गया है। बायलाज की अंतिम अधिसूचना के बाद ही शहर में बनाए जा रहे वेंडर जोन में फड़ी वालों को बिठाया जाएगा। उसके बाद ही सेक्टर-17 प्लाजा में बैठे वेंडरों को यहां से शिफ्ट किया जाएगा। मालूम हो कि इस समय प्लाजा फड़ी बाजार में तबदील हुआ पड़ा है।
इस समय शहर में वेंडर एक्ट लागू है लेकिन बायलाज फाइनल अधिसूचना जारी न होने केकारण कार्रवाई का कोई प्रावधान नहीं है। बायलाज के अनुसार अगर कोई गैर रजिस्टर्ड वेंडर बैठता है तो उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना चार्ज किया जाएगा और उसका जब्त किया हुआ सामान भी रिलीज नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने यह बायलाज नगर निगम की वेबसाइट पर डाल दिया है।
सेक्टर-19 और 22 में सिर्फ-150-150 वेंडरों को मिलेगी जगह
सेक्टर-19 और 22 में 150-150 वेंडरों को छोडक़र बाकी सभी को तय किए गए वेंडिंग जोन में वेंडरों को शिफ्ट किया जाएगा। बायलाज के अनुसार अगर कोई रजिस्टर्ड वेंडर नियम तोड़ता है तो उस पर भी जुर्माना लगाने का प्रावधान है। इस समय सेक्टर-19 और 22 की शास्त्री मार्केट में सैकड़ों वेंडर बैठे हैं जिस कारण लोगों को पैदल चलने की जगह भी नहीं मिलती। आगजनी की स्थिति में यहां पर दमकल विभाग की गाडियां भी अंदर दाखिल नहीं हो पाएगी।
शहर का स्वरूप खराब कर दिया प्रशासन ने- फासवेक
फासवेक चेयरमैन बलजिंदर सिंह बिट्टू का कहना है कि जगह जगह बाजारों में वेंडर बिठाकर प्रशासन ने शहर का स्वरूप खराब कर दिया है। पिछले दो साल से नगर निगम वेंडिंग जोन ही तय नहीं कर पाया है जहां पर इन्हें बिठाया जा सके। इस समय शहर के प्रमुख बाजारों में पैदल चलने तक की जगह नहीं बची है। शापिंग करने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
व्यापारियों को हो रहा है नुकसान
व्यापार मंडल के महासचिव संजीव चढ्ढा का कहना है कि शोरूम व्यापारी सरकार को टैक्स देते हैं इसके बावजूद उनकी दुकानों के आगे फड़ी वाले बैठे हैं। प्लाजा पूरी तरह से फड़ी बाजार बना दिया है। इन फड़ी वालों के कारण अब प्लाजा में पर्यटकों की संख्या लगातार कम हो रही है।