चंडीगढ़ में सरकारी स्कूल के पूर्व छात्र संदीप नैथानी नौसेना में बने चीफ ऑफ मैटेरियल
देश की सेना में ट्राईसिटी के युवाओं का उच्च पदों पर शानदार योगदान रहा है।
डा. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़
देश की सेना में ट्राईसिटी के युवाओं का उच्च पदों पर शानदार योगदान रहा है। अब इसी कड़ी में एक नया नाम संदीप नैथानी का भी जुड़ गया है। संदीप नैथानी को नौसेना में चीफ ऑफ मैटेरियल के पद पर नियुक्ति दी गई है, इससे पहले वह वाइस एडमिरल के पद पर तैनात थे। नौसेना में यह पद काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। नैथानी सेक्टर-35 स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पूर्व स्टूडेंट रहे हैं। सरकारी स्कूल से पढ़े इस पूर्व छात्र ने चंडीगढ़ का मान बढ़ाया है। मूल रुप से उत्तराखंड के पौड़ी जिले के नैथाणा गांव निवासी संदीप काफी समय तक चंडीगढ़ में रहे हैं। पिता सनत कुमार नैथानी उन दिनों चंडीगढ़ में डेपुटेशन पर एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के तौर पर कार्यरत थे। पूरा परिवार चंडीगढ़ में ही रहता था। संदीप के पिता सनत नैथानी बताते हैं कि बेटा शुरू से ही पढ़ाई में होशियार था। दसवीं क्लास में गणित में संदीप ने 150 में से 150 अंक हासिल किए थे। वह स्कूल की तरफ से सभी प्रतियोगिता में हिस्सा लेता था और स्कूल की टीम के लिए उसने ढेरों ट्राफी भी जीती। पढ़ाई के साथ ही संदीप स्कूल बॉस्केटबॉल टीम का सदस्य भी था। संदीप के पिता सनत नैथानी परिवार के साथ इस समय महाराष्ट्र के पुणे शहर में रहते हैं। संदीप के भाई संजीव नैथानी उन दिनों क्रिकेट कोच देश प्रेम आजाद से गेंदबाजी की कोचिग लेते थे, वह पूर्व क्रिकेटर चेतन शर्मा के साथी भी रहे हैं। 1985 में नौसेना में मिला कमीशन
संदीप नैथानी का चयन काफी कम उम्र में ही नौसेना में हो गया। 1979 में संदीप ने चंडीगढ़ के सरकारी स्कूल से दसवीं क्लास पास की। उस समय सरकारी स्कूल सिर्फ हाई लेवल तक था। उन्होंने आइआइटी दिल्ली से रडार और संचार इंजीनियरिग की डिग्री भी हासिल की थी। संदीप को 1985 में नौसेना में ऑफिसर के पद पर कमीशन मिल गया और उसके बाद इन्होंने कभी मुड़कर नहीं देखा। वह नौसेना में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।
तीनों सेनाओं में बड़े पदों पर चंडीगढ़ का दबदबा
कुछ वर्ष से चंडीगढ़ से पढ़ाई करने वाले युवाओं की देश के कई प्रतिष्ठित पदों पर नियुक्ति हुई है। हाल ही में सीबीआइ डायरेक्टर बने आइपीएस सुबोध कुमार डीएवी कॉलेज और पंजाब यूनिवर्सिटी के यूबीएस के स्टूडेंट रहे हैं। चुनाव आयुक्त के पद से कुछ महीने पहले रिटायर हुए सुनील अरोड़ा भी पीयू के स्टूडेंट रहे हैं। देश की तीनों सेनाओं के चीफ रह चुके चीफ का आशियाना भी अब ट्राईसिटी में बन चुका है, जिनमें पूर्व आर्मी चीफ वीपी मलिक, एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ और नेवी चीफ सुनील लांबा सहित कई बड़े सैन्य अधिकारी शामिल हैं। कोट्स ..
स्कूल के पूर्व स्टूडेंट का नौसेना में इतने बड़े पद पर पहुंचना हम सभी के लिए सम्मान की बात है। स्कूल की तरफ से संदीप नैथानी को बधाई पत्र भेजा जाएगा और उन्हें कोरोना से हालात बेहतर होने पर स्कूल में भी आमंत्रित किया जाएगा। हमारे स्कूल से पढ़ाई करने वाले बहुत से पूर्व स्टूडेंट्स सेना के अलावा सिविल सर्विसेस और दूसरी सेवाओं में बड़े पदों पर हैं।
देवेंद्र सिंह, प्रिसिपल गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-35 चंडीगढ़