पंजाब में नशे के खिलाफ हरसिमरत कौर बादल का AAP सरकार पर हमला, मावां-धीयां से की एकजुट होने की अपील
शिअद ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महिलाओं को एकजुट करना शुरू कर दिया है। हरसिमरत कौर बादल ने जीरकपुर में ...और पढ़ें

पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल का आम आदमी पार्टी पर कड़ा प्रहार।
HighLights
हरसिमरत कौर बादल ने 'मावां-धीयां इंसाफ यात्रा' का नेतृत्व किया।
पंजाब सरकार पर नशे के कारोबार को रोकने में विफल रहने का आरोप।
महिलाओं से नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की अपील की।
जागरण संवाददाता, जीरकपुर (मोहाली)। विधानसभा चुनाव को देखते हुए शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने महिलाओं को एकजुट करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को जीरकपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने मावां-धीयां इंसाफ यात्रा के दौरान सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी पर कड़ा प्रहार किया।
नशे को रोकने के लिए मावां-धीयां को आगे आने का आह्वान करते हुए बठिंडा की सांसद ने कहा, एक तरफ सरकार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। जबकि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले मानसा के परमिंदर सिंह झोटा के परिवार को अभी तक इंसाफ नहीं मिला।
पूर्व विधायक एनके शर्मा के क्षेत्र में महिलाओं को संबोधित करते हुए हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार का ड्रग माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि अब हमें खुद अपने राज्य को इस खतरे से बचाना होगा। यही कारण है कि मावां-धीयां दी फौज बनाई गई।
उन्होंने अभियान में शामिल होने वाली सभी महिलाओं से अपील की कि वे पंद्रह-पंद्रह के ‘जत्थे’ बनाएं और गांवों में नशे के कारोबार को रोकने के लिए बाहर निकलें। उन्होंने महिलाओं से नशे बेचने वालों का विवरण दर्ज करने की अपील की।
